विधानसभा

सदन में कवासी मौजूद फिर भी उत्तर नहीं देते, भाजपा ने की आपत्ति
16-Mar-2022 1:18 PM
सदन में कवासी मौजूद फिर भी उत्तर नहीं देते, भाजपा ने की आपत्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च।
सदन में आबकारी मंत्री कवासी लखमा के मौजूद रहने के बावजूद विधि मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा उत्तर दिए जाने को लेकर भाजपा विधायकों ने आपत्ति जताई। उन्होंने स्पीकर चरणदास महंत से स्थाई व्यवस्था देने का आग्रह किया। यह मामला कांग्रेस विधायक छन्नी साहू के तारांकित प्रश्न की चर्चा के दौरान उठा। छन्नी ने पूछा-राजनांदगांव जिले में 2020-21 की तुलना में 2021-22 में शराब की खपत बहुत कम बताई गई है। राजस्व में आई कमी का क्या कारण है बताएं। क्या दुकानें बंद की गई। मंत्री अकबर ने कहा कि शराब के दुष्प्रभाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उसका परिणाम है। इससे असंतुष्ट छन्नी साहू ने कहा पूरे जिले में अवैध शराब की बिक्री हो रही है। दुकानों में कम बिक रही है। यह सबकुछ जिला आबकारी अधिकारी के संरक्षण में हो रहा है। उस पर अंकुश लगाने की जरूरत है। तभी भाजपा के शिवरतन शर्मा, और अजय चंद्राकर ने व्यवस्था का प्रश्न उठाया। उन्होंने कहा सदन में इस समय आबकारी मंत्री कवासी लखमा मौजूद हैं। इससे पहले भी उनकी सदन में मौजूदगी के बावजूद दुसरे मंत्री जवाब देते हैं। इसे लेकर आसंदी से व्यवस्था भी आ चुकी है। तब कवासी लखमा ने उठकर जवाब दिया कि नांदगांव में लगातार अवैध बिक्री रोकने प्रकरण बनाए जा रहे हैं। हमारी कोशिश है कि अवैध बिक्री बंद हो। छन्नी साहू ने कहा कि क्षेत्र के लोग महिला विधायकों से अधिक उम्मीद करते हैं कि शराब बंदी हो। अवैध बिक्री पर अंकुश भी लगाएं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news