विचार / लेख

अब तुम्हारे हवाले वतन
06-Jun-2022 6:57 PM
अब तुम्हारे हवाले वतन

-प्रकाश दुबे
सेना सहित सरकारी प्रतिष्ठानों के कर्णधार सेवानिवृत्ति से पहले और बड़ी निजी कंपनियों के खेवनहार नई नाव की सवारी करने से पहले विदाई दौरा करते हैं। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के बेड़े के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कानपुर देहात के अपने गांव पहुंचे। राष्ट्रपति जमैका  की विदेश यात्रा से लौटे हैं। उत्तर अमेरिका के 234 किलोमीटर लंबे और फकत 80 किमी चौड़े देश जमैका में पहली मर्तबा किसी भारतीय राष्ट्रपति ने कदम रखा। उपराष्ट्रपति 15 लाख की जनसंख्या वाले गबोन के दौरे पर हैं। जमैका देश की जनसंख्या नागपुर से और गबोन की जबलपुर से कुछ कम है। उपराष्ट्रपति नायडू तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा पर गए। उनके दौरे में कतर भारत के लिए महत्वपूर्ण देश है। इन दौरों से भारत-हित जरूर सधा होगा। निवर्तमान राष्ट्रपति ने जमैका में डा आंबेडकर की मूर्ति का अनावरण किया। उपराष्ट्रपति ने कतर में रहने वाले साढ़े सात लाख भारतवंशियों से मुलाकात का कार्यक्रम बनाया। कार्यकाल समाप्ति- कोविंद 25 जुलाई। नायडू-11 अगस्त।

सबै भूमि गोपाल की
जग जाहिर भारतीय संस्थानों में अहमदाबाद के भारतीय प्रबंधन संस्थान का नाम बहुत ऊपर है। अवतारी व्यक्तियों की तरह संस्थान समय से आगे की सोच रखता है। किसी और के दिमाग की बत्ती जलने से पहले संस्थान ने कृषि भूमि मूल्य सूचकांक बनाने का दो जून को ऐलान कर दिया। देश भर में भूखंड यानी जमीन की कीमत का सही आकलन करने के लिए इसका गठन किया गया है। प्रबंधन संस्थान की अपनी साख का इसे फायदा मिलेगा। कई कारणों से जमीन के दाम में और उसके आकलन में बहुत अंतर होता है। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों की मानक दर यानी बेंचमार्किंग का अपने तरह का पहला प्रयोग होगा। कृषि भूमि को रियल एस्टेट में बदलने में भरोसेमंद स्रोत  मिला। शुरुआती दौर में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु जैसे राज्यों की जमीन पर नजऱ है। भारत की 20 करोड़ हेक्टर भूमि का मात्र दो प्रतिशत फसल के लिए काम आता है। संस्थान में रियल एस्टेट विभाग है जिसके कर्ताधर्ता मानते हैं कि इससे निवेश करने से पहले खतरों आगाह किया जा सकेगा। कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और किसान से अधिक उत्सुक निवेशक होंगे।   

चूक गया चौहान
खेल संगठन पर कब्जा जमाए रखना बच्चों का खेल नहीं है। फुटबाल संगठन के चुनाव का मसला अदालत में लटका था। तभी सरकार ने प्रशासक बिठा दिया। हाकी संघ में दावों की हाकी टकराईं। चुनाव में पदाधिकारी बदल दिए गए। राष्ट्रीय खेल नियमों के अनुसार दो तिहाई मत पाने के बाद ही किसी पद पर दावेदारी मानी जाती है। शतरंज में ऊंट टेढ़ो टेढ़ो जाए। घोड़ा ढाई घर छलांग लगाता है। वर्ष 2021 के चुनाव में भरत सिंह चौहान सचिव निर्वाचित हुए। मामला अदालत में पहुंचा। खेल मंत्रालय के वकील ने चौहान के चुनाव पर दो तिहाई बहुमत की शर्त लागू नहीं होती। हाकी संघ के चुनाव में सरकार की तरफ से पेश किए गए शपथपत्र में दो तिहाई बहुमत वाली शर्त का उल्लेख था। दिल्ली उच्च न्यायालय की पूछताछ में अतिरिक्त सालिसिटर जनरल पहले अड़े। खेल मंत्रालय की चेतावनी के  बाद चाल बदलकर नया हलफनामा देंगे। चौहान ने गुपचुप खिलाडिय़ों के आंकड़े बेचे। प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत पहुंची। उठापटक का कारण? शतरंज का ओलंपिक रूस में नहीं हो सकता। दो महीने बाद भारत में होना है।

अफीम का नशा
राजनीति और युद्ध में सब जायज माना जाता है। केरल में दूसरी बार सरकार बनाने का कीर्तिमान बनाने वाले विजयन ने इस बात पर विश्वास कर लिया। पी सी थामस के निधन के कारण थ्रिक्काकारा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने उनकी पत्नी उमा को उम्मीदवार बनाया। वाम मोर्चे के नेताओं ने हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. जोसफ को मैदान में उतारा। मरीजों के वोट पक्के करने के साथ ही ईसाइयों के वोट पर नजऱ गई। अस्पताल में पत्रकार परिषद के दौरान गिरजाघर के पादरी हाजिर थे। धर्म को अफीम बताने वाले दल के साथ गंठजोड़ की चर्चा हुई। ईसा मसीह पहले ही कह चुके हैं-हे प्रभु इन्हें माफ करना। ये नहीं जानते कि क्या कर रहे हैं? प्रभु माफ करने के मूड में नहीं थे। उमा ने सरकार के उम्मीदवार को 25 हजार मतों के बड़े अंतर से हराया। पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा होगा-भगवान से डरो। इस मुद्दे पर सारे भगवान एक हो गए। हिंदुत्व के मुखर पैरोकार राधाकृष्णन को भाजपा ने कम्युनिस्टों और कांग्रेसियों के विरुद्ध खड़ा किया। हम नहीं बताएंगे कि राधाकृष्णन की जमानत बची या नहीं। (लेखक दैनिक भास्कर नागपुर के समूह संपादक हैं)

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news