खेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 जून। स्व. राजेश गंजीर की स्मृति में चौथी राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता 26 जून को इंडोर स्टेडियम हाल आमातालाब रोड में शुरू हुई। सीको काई कराते इंटरनेशनल छत्तीसगढ़ एवं धमतरी जिला कराते संघ द्वारा आयोजित इस स्पर्धा में दुर्ग, बिलासपुर, भिलाई, बेमेतरा, रायपुर, राजनांदगांव से कराते के 400 से अधिक खिलाड़ी, सपोर्टिंग स्टाफ व पालक पहुंचे। कराते के इस आयोजन में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने वाली अंजली फुटान, रिया फुटान, उन्नति सिंह ठाकुर ने बताया कि वे बीते कई सालों से इसका प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं हैं। शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए कराते का प्रशिक्षण लेना चाहिए। इससे आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
आत्मरक्षा के लिए सीखें कराते
कराते प्रशिक्षक गोविन्द सार्वा व हेमंत चक्रधारी ने बताया कि आत्मरक्षा के लिए हर किसी को कराते का प्रशिक्षण लेना चाहिए। इसके लिए जितनी जल्दी हो सके छात्रों को शुरू से ही प्रशिक्षण लेना शुरू कर देना चाहिए। आत्मरक्षा के लिए आज के समय में लड़कियों को विशेष रूप से इसका प्रशिक्षण लेना चाहिए। शरीर फिट रखने के लिए यह बेहतर माध्यम है।