ताजा खबर

महाराष्ट्र : बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने व्यक्ति को पीटा, अस्पताल में भर्ती
30-Sep-2022 1:36 PM
महाराष्ट्र : बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने व्यक्ति को पीटा, अस्पताल में भर्ती

ठाणे, 30 सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर के दिवा में बच्चा चोरी के संदेह में करीब 30 वर्षीय व्यक्ति की भीड़ ने बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने कहा कि घटना बृहस्पतिवार दोपहर को हुई और पीड़ित पिंटू निसार को पुलिस ने बचाया तथा स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां वर्तमान में उसका इलाज हो रहा है। घटना में निसार को कई चोट आई हैं।

मुंब्रा थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘निसार एक स्थानीय होटल में काम करता है। वह दिवा में सड़क किनारे खड़ा था तभी एक ट्रक उसके पास से गुजरा। ट्रक को देखकर वह अपनी जगह से थोड़ा पीछे हटा जिससे उसके पीछे खड़ी बच्ची को धक्का लग गया और वह नीचे गिर गई। लेकिन जब निसार ने बच्ची को उठाने की कोशिश की तो बच्ची की मां ने उसे बच्चा चोर समझ शोर मचाना शुरू कर दिया।’’

उन्होंने बताया, ‘‘जल्द ही लोग वहां जमा हो गए और उसे पीटना शुरू कर दिया। लाठी, डंडा, लोहे की रॉड सहित लोगों के जो भी हाथ में आया, उन्होंने उससे निसार की पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान पीड़ित लोगों से गुहार करता रहा कि वह बच्चा चोर नहीं है, जैसा कि लोग उसे समझ रहे थे। लेकिन लोग लगातार उस हमला करते रहे।’’

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मुंब्रा पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को भीड़ के चंगुल से बचाया। हमले में व्यक्ति को कई चोट आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुंब्रा थाने में वरिष्ठ निरीक्षक अशोक कडलाग ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि हालांकि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने लोगों से बच्चा चोरी से संबंधी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। (भाषा)
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news