ताजा खबर

आरएसएस से जुड़े हजारों किसान दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन
02-Dec-2022 10:47 AM
आरएसएस से जुड़े हजारों किसान दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन

‘जीएम सरसों के ट्रायल की अनुमति खतरनाक, जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई’

बिलासपुर, 2 दिसंबर। लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय करने, सम्मान निधि की राशि बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ 19 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान गर्जना रैली करने जा रहा है। छत्तीसगढ़ से करीब 2 हजार किसान भी रैली में शिरकत करेंगे।

बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि किसी भी एक उद्योग में उत्पाद की गणना लागत में की जाती है। भूमि, भवन, मशीनें, कच्चा माल, कर्मचारियों व कार्यकारी मंडल का वेतन इसमें शामिल होता है। कार्यकारी मंडल का वेतन वे स्वयं तय करते हैं, जो करोड़ों में होता है, इसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता है। इधर जब किसान की बात करते हैं तब केवल फसल का लागत मूल्य निकाला जाता है। भूमि का किराया भी नहीं जोड़ा जाता, किसान का पूंजी निवेश नहीं जोड़ा जाता। धान की फसल में 140 दिन लगते हैं परंतु उसमें केवल 40 दिन की मजदूरी ही जोड़ी जाती है, वह भी अकुशल श्रमिक के रूप में। जबकि किसान खेती में क्या आवश्यकता है इसका विचार कर कार्य करता है तो वह अकुशल कैसे हुआ ? इसके अतिरिक्त उसके घर के सदस्यों की मजदूरी भी नहीं जोड़ी जाती।ऐसी आधी अधूरी गणना कर किसान के साथ अन्याय किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ की स्थापना काल से लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य देने की मांग की जाती रही है। जिस प्रकार से महंगाई बढ़ी है, उस मापदंड से प्रधानमंत्री सम्मान निधि भी बढ़ाने की आवश्यकता है। किसान संगठन कृषि उपकरणों में जीएसटी समाप्त करने की मांग भी कर रहे हैं।

चंद्रवंशी ने कहा कि जीईएसी (जेनेटिक इंजीनियरिंग एप्रेजल कमेटी) ने भारत में जीएम सरसों की अनुमति दे दी है। उस आधार पर पर्यावरण मंत्रालय ने ट्रायल की अनुमति दी जबकि अभी उसके शोध की रिपोर्ट आना शेष है। उससे क्या नुकसान हो सकते है इसकी जानकारी नहीं है लेकिन उसके पूर्व ही ट्रायल की अनुमति दे देना खतरनाक है। किसान संघ ने इस पर रोक लगाने की मांग की है। खेती किसानी के साथ ऐसा खिलवाड़ करने वालों की जांच होनी चाहिए एवं दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ विशाल चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री नवीन शेष, जिला अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे,माधव सिंह,हेमंत तिवारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news