ताजा खबर
6 को बीजापुर भेजा, सभी मजदूर दंतेवाड़ा के
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 2 दिसंबर। भैरमगढ़ साप्ताहिक बाजार से रोजमर्रा के सामान लेकर पातरपारा लौट रही मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पुसनार के पास पलट गई। इस हादसे में 9 मजदूरों घायल हो गए। घायलों में 6 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यहां उनका उपचार चल रहा है। घायल सभी मजदूर दंतेवाड़ा जिले के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक भैरमगढ़ ब्लॉक के पातरपारा में निर्माणाधीन पुलिया के काम में कार्यरत मजदूर शुक्रवार को छुट्टी से पातरपारा लौटे थे। साप्ताहिक बाजार का दिन होने से ये मजदूर उसी वाहन में रोजमर्रा के सामान लेने भैरमगढ़ बाजार आये हुए थे। सामान खरीदने के बाद सभी वापस पातरपारा लौट रहे थे। इसी बीच दोपहर 3 बजे के दरमियान पुसनार के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस हादसे में वाहन में सवार मजदूर घायल हो गए, जिन्हें भैरमगढ़ अस्पताल लाया गया। यहां घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद ज्यादा जख्मी हुए 6 मजदूरों पिंटू कर्मा, हिड़मा, रिंकू, माही कर्मा, देवा मरकाम, राजेश कुमार को जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। यहां उनका उपचार चल रहा हैं। अन्य 3 मजदूर जो मामूली रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज भैरमगढ़ में किया जा रहा है।
घटना के बाद से वाहन चालक फरार बताया जा रहा है। सभी मजदूर दंतेवाड़ा जिले के दुगेली के रहने वाले हैं, जो छुट्टी से आज ही काम पर वापस लौटे थे।
डॉ. जीशान के मुताबिक कुछ मजदूरों को गहरी चोट पहुंची है। जिनका उपचार यहां चल रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी किसी भी घायल को यहां से रेफर नहीं किया गया हैं।