ताजा खबर

गुजरात विधानसभा चुनाव : मतगणना से पहले भाजपा उत्साहित
07-Dec-2022 8:21 PM
गुजरात विधानसभा चुनाव : मतगणना से पहले भाजपा उत्साहित

अहमदाबाद, 7 दिसंबर। गुजरात में एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना में कुछ घंटों का समय बचा है और सत्तारूढ़ भाजपा राज्य में लगातार सातवीं जीत को लेकर उत्साहित है।

यहां भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) , कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने कहा कि परिणाम यह निर्धारित करेगा कि गुजरात में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर कौन काबिज होगा।

एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों में गुजरात में भाजपा के लिए बड़े बहुमत की भविष्यवाणी की गई है और अगर ये सच होते हैं तो पार्टी लगातार सातवीं बार राज्य में सत्ता बरकरार रखने और पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे के कारनामे के बराबर उपलब्धि हासिल करती नजर आएगी।

भाजपा के लिए यहां बड़ी जीत 2024 में प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी की दावेदारी को मजबूत करेगी।

एक पर्यवेक्षक ने कहा कि भाजपा के लिए मुख्य चुनौती के रूप में कांग्रेस की भूमिका दांव पर है और बृहस्पतिवार के नतीजों से पता चलेगा कि क्या पार्टी के ‘मूक अभियान’ ने लोगों को प्रभावित किया है। पार्टी के शीर्ष नेता भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त थे।

आक्रामक प्रचार अभियान चलाने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के लिए गुजरात चुनाव खुद को राष्ट्रीय पार्टी के रूप में स्थापित करने और राष्ट्रीय स्तर पर भी भाजपा को चुनौती देने का एक मौका है।

दिल्ली नगर निकाय चुनाव में जीत से उत्साहित आप को उम्मीद है कि उसकी कल्याणकारी राजनीति को गुजरात के लोग स्वीकार करेंगे।

भाजपा ने राज्य में 27 साल के शासन के बाद सत्ता विरोधी भावनाओं से जूझते हुए हाल के चुनाव लड़े। प्रधानमंत्री मोदी पार्टी के ‘तुरुप का इक्का’ थे और सत्तारूढ़ दल ने सत्ता विरोधी लहर के मुकाबले के लिये ‘ब्रांड मोदी’ पर भरोसा किया।

चुनावों में प्रमुख मुद्दों में बेरोजगारी, मूल्य वृद्धि, राज्य के कुछ हिस्सों में पानी नहीं पहुंचना, बड़ी परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और किसानों को अत्यधिक बारिश के कारण फसल क्षति का उचित मुआवजा नहीं मिलना था।

इस बार मतदान प्रतिशत 2017 की तुलना में लगभग चार प्रतिशत कम हुआ। राज्य में 2017 में 68.39 प्रतिशत के मुकाबले इस बार सिर्फ 64.33 प्रतिशत मतदान हुआ।

मत प्रतिशत में इस गिरावट की वजह शहरी मतदाताओं की अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सामान्य उदासीनता बताई गई। कम मतदान प्रतिशत ने भाजपा को चिंता में डाल दिया है और दूसरे चरण में पार्टी ने मतदान के आंकड़ों को बढ़ाने के लिए भरसक प्रयास किए।

गुजरात में मुकाबला परंपरागत रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा है, लेकिन इस बार ‘आप’ के चुनावी अखाड़े में उतरने के साथ यह त्रिकोणीय हो गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य में लगभग 30 रैलियों और रोड शो को संबोधित करते हुए भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह लगभग दो महीने से राज्य में थे और भाजपा के लिए अभियान व चुनावी रणनीति का सूक्ष्म प्रबंधन कर रहे थे।

पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, हिमंत विश्व शर्मा और प्रमोद सावंत सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी राज्य में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

भाजपा के लगभग सभी केंद्रीय मंत्रियों ने राज्य में प्रचार किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से समय निकालकर गुजरात में दो रैलियां कीं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभाली। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप के लिए एक आक्रामक अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने पिछले पांच महीनों में कई रैलियों को संबोधित किया और रोड शो किए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने कहा कि बृहस्पतिवार को 37 केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये बहुमत का आंकड़ा 92 का है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, युवा नेता हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवाणी और अल्पेश ठाकोर समेत कुल 1,621 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला बृहस्पतिवार को होगा। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news