ताजा खबर

यह सुनिश्चित किया जाए कि बिहार में पराली नहीं जलाई जाए: नीतीश कुमार
29-Jan-2023 9:01 AM
यह सुनिश्चित किया जाए कि बिहार में पराली नहीं जलाई जाए: नीतीश कुमार

पटना, 28 जनवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राज्य में पराली नहीं जलाई जाए।

पटना जिले के बेलछी अनुमंडल में ‘समाधान यात्रा’ के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों को पराली जलाने के प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जानकारी देने को कहा।

कुमार ने कहा, ‘‘जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और पर्यावरण की रक्षा के लिए राज्य में पराली जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि राज्य में पराली जलाने की कोई घटना न हो। संबंधित विभागों के अधिकारियों को पराली जलाने के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में किसानों के बीच जागरूकता पैदा करनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वायु प्रदूषण को रोकने और मिट्टी की घटती उर्वरता को बचाने के लिए पहले ही खेतों में पराली जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने किसानों को सख्त चेतावनी दी थी कि अगर वे अपने खेतों में पराली जलाते हैं, तो उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता और सब्सिडी से वंचित कर दिया जाएगा।

राज्य सरकार किसानों को सस्ती दर पर बिजली और अन्य सहायता के साथ सब्सिडी दर पर डीजल प्रदान करती है।

गौरतलब है कि कैमूर, रोहतास, बक्सर, नालंदा, गया और पटना जिलों के कई किसानों को हाल के दिनों में राज्य में पराली जलाने से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के लिए कृषि विभाग द्वारा दंडित किया जा चुका है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news