कारोबार

रायपुर, 23 मई। पर्यावरण मित्र एवम लिटिल योगा चैंपियन आदित्य राजे सिंह ने प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय आध्यात्मिक कथावाचक, प्रेरक वक्ता और भक्ति संगीत कलाकार देवी चित्रलेखा जी से मुलाकात की। 9 वर्षीय आदित्य राजे सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के बारे में अपना संदेश देते हुए देवी चित्रलेखा जी को व्यास पीठ पर एक पौधा भेंट किया। आदित्य राजे ने उन्हें गाय के गोबर से बनी एक वैदिक माला भी भेंट की।
देवी चित्रलेखा 16 से 23 मई तक भोजपुरी साहित्य सम्मेलन छत्तीसगढ़ के द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के लिए राजधानी रायपुर के भोजपुरी भवन बिरगांव में आई हैं।
आदित्य राजे ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण, योग, पशु सुरक्षा गौ सेवा आदि के क्षेत्र में उनके द्वारा की जा रही सामाजिक गतिविधियों के बारे में बताया। आदित्य राजे ने श्रीमद् भागवत गीता के एक प्रसिद्ध श्लोक का भी पाठ किया, जिसने देवी चित्रलेखा जी को प्रभावित किया। देवी जी और आदित्य राजे दोनों ने गायों और विभिन्न अन्य जानवरों की बेहतरी और पर्यावरण के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की। आध्यात्मिकता और पशु कल्याण में आदित्य राजे की गहरी रुचि को देखते हुए देवी चित्रलेखा जी ने उन्हें गौ सेवा धाम अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, हरियाणा में अपनी गौशाला और पशु कल्याण अस्पताल का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। आदित्य राजे को देवी चित्रलेखा जी ने एक मोमेंटो भेंट किया और उन्होंने उन्हें उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।