राष्ट्रीय

भाजपा ने बनाया लोकसभा चुनाव के लिए मास्टर प्लान, यूपी में सभी सीटें जीतने का लक्ष्य
01-Jun-2023 1:11 PM
भाजपा ने बनाया लोकसभा चुनाव के लिए मास्टर प्लान, यूपी में सभी सीटें जीतने का लक्ष्य

लखनऊ ,1 जून (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों को जीतने के लक्ष्य की रणनीति को धार दे रही है। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया है जो 30 जून तक चलेगा। इसके तहत मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी 80 लोकसभा और 403 विधानसभा क्षेत्रों, भाजपा संगठन के 1,918 मंडलों, 27,634 शक्ति केंद्रों और 1,74,359 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।


पार्टी रणनीतिकारों ने कहा है कि पहली से 20 जून तक हर लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इनमें से कुछ जनसभाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी संबोधित कर सकते हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश में एक महाजनसम्पर्क अभियान चलेगा जिसके तहत प्रदेश के सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों और 1918 मंडलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यूपी के सभी लोकसभा क्षेत्रों को 21 क्लस्टर में बांटा गया है। लोकसभा क्षेत्र के स्तर पर 1 से 20 जून तक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद सभी लोकसभा क्षेत्रों में एक बड़ी रैली होगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन व व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में संपर्क से समर्थन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 250 प्रतिष्ठित परिवारों से संपर्क किया जाएगा। अभियान में पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय किया जाएगा। सभी अग्रिम मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन किया जाएगा। वहीं, सरकार की योजना के लाभार्थियों का विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर सम्मेलन होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 21 जून को प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को प्रदेश के सभी बूथों पर बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 21 से 30 जून तक सभी बूथ स्तर पर घर-घर जनसंपर्क अभियान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अवधि में भाजपा सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, मंत्री व कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों का पत्रक भी देंगे। वे जिस व्यक्ति से संपर्क करेंगे, उससे टोल-फ्री नंबर 9090902024 पर मिस्ड काल भी कराएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news