ताजा खबर
14 मौतें, 664 एक्टिव, 2414 डिस्चार्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जुलाई। प्रदेश में कोरोना मरीज धीरे-धीरे बढ़ते हुए अब 3 हजार 92 हो गए हैं। बीती रात तक मरीजों का आंकड़ा 3 हजार 65 था। आज शाम करीब 4 बजे के आसपास रायपुर जिले में 27 नए पॉजिटिव मिलने के बाद मरीजों का यह आंकड़ा बढ़ गया है। नए मरीज आसपास के अस्पतालों में भर्ती किए जा रहे हैं। वहीं उनके संपर्क में आने वालों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर जिले में आज मिले कोरोना मरीजों में एक निजी डॉक्टर व बेबीलॉन कैपिटल के चार वर्कर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके तक पहुंचकर जांच में लगी है। फिलहाल इन नए मरीजों के संपर्क में आने वालों का पता नहीं चल पाया है। बीती रात में 40 कोरोना पॉजिटिव सामने आए थे। इसमें कांकेर से 8, रायपुर से 7, बिलासपुर -बलरामपुर से 6-6, दंतेवाड़ा से 5, जगदलपुर-नारायपुर से 3-3 एवं नांदगांव से 2 मरीज शामिल रहे।
करीब साढ़े 3 महीने में प्रदेश में सामने आए 3 हजार 92 कोरोना मरीजों में 14 की मौत हो चुकी है। इसमें 4 की कोरोना से एवं 10 की अन्य गंभीर बीमारियों के साथ कोरोना होने पर मौत हुई है। 664 एक्टिव हैं और 24 सौ 14 ठीक होने पर डिस्चार्ज होकर अपने घर चले गए हैं। बिलासपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नए मरीजों के आने का क्रम जारी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अलग-अलग वर्ग से लिए गए सैंपलों की जांच चल रही है। जांच में आगे और भी पॉजिटिव मिल सकते हैं।