ताजा खबर

देशभर में कोरोना 7 लाख 43 हजार पार, दिल्ली में 2,008 नए
08-Jul-2020 9:53 AM
देशभर में कोरोना 7 लाख 43 हजार पार, दिल्ली में 2,008 नए

महाराष्ट्र में 5,134 नए मामले, 224 मौतें 

चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस का संक्रमण देशभर में दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 7 लाख 43 हजार को भी पार कर गया है। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 7,43,481 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 4,57,058 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 20,653 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,65,670 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,008 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 1,02,831 हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 5,134 केस दर्ज किए गए हैं।

राजधानी दिल्ली में 2,008 नए मामले 

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,008 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,02,831 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 50 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,165 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 2,129 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 74,217 लोग ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में 5,134 नए मामले, 224 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर पांच हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,134 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,17,121 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 224 और लोगों की मौत हुई है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 785 नए मरीज सामने आने से मंगलवार को कुल संख्या बढ़कर 86,509 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 5,002 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,359 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं अब तक 58,137 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

पुणे में 1,165 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 1,165 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 30,131 पहुंच गई। कोरोना के कारण 37 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 926 हो गई।

तमिलनाडु में 1 लाख 18 हजार के पार मामले, 1636 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में सर्वाधिक 3,616 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,18,594 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,636 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1,178 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 21,197 पर पहुंच गया है। केरल में 272 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 5,895 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में 37 हजार से अधिक मामले, अब तक 1,978 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 37,636 संक्रमित पाए जा चुके हैं। मंगलवार को 778 नए मामले सामने आए। राज्य में 17 नई मौत के साथ अब तक इस वायरस से 1,978 मरीजों की जान जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 187 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 22,262 हो गई है। यहां अब तक 1,496 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 1,332 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 1,332 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 29,968 पर पहुंच गया है। अब तक 827 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 343 नए मामले

मध्य प्रदेश में 343 नए केस के साथ अब तक 15,627 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 716 केस मिले हैं। राज्य में अब तक 21,404 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 571 मरीजों के साथ 10,097 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। इस सूची में 30 लाख 97 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (16 लाख से ज्यादा) दूसरे और भारत (7 लाख 43 हजार) तीसरे स्थान पर है।

(www.outlookhindi.com)

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news