ताजा खबर

हाइवे पर सूमो-कार भिड़ंत, केशकाल के 3 युवकों की मौत, 2 वनकर्मी जख्मी
13-Aug-2020 2:58 PM
हाइवे पर सूमो-कार भिड़ंत, केशकाल के 3 युवकों की मौत, 2 वनकर्मी जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

विश्रामपुरी/केशकाल, 13 अगस्त। बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल ब्लॉक के ग्राम आंवरभाठा के समीप शासकीय सूमो और कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार में सवार अन्य दो युवकों की रायपुर ले जाने के दौरान मौत हो गई। साथ ही सूमो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव में उपचार किया जा रहा है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार 3 युवक रज्जू पांडेय (45), संतोष पाटिल (38) व अनिल सिन्हा (40) तीनों केशकाल के निवासी है, वहीं अनिल सिन्हा केशकाल नगर पंचायत पार्षद भूपेश सिन्हा के बड़े भाई हैं। तीनों कार क्रमांक सीजी 04 डीई 5000 में नारायणपुर से केशकाल की ओर आ रहे थे तथा वन विभाग के दो कर्मचारी सूमो वाहन में रायपुर से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। तभी रात लगभग 10 बजे केशकाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम आंवरभाठा के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार चालक रज्जू पांडेय की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 

घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात बहाल किया गया। कार में सवार अन्य दो युवक अनिल सिन्हा व संतोष पाटिल को 108 से फरसगांव अस्पताल ले जाया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया था कि केशकाल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर शासकीय सूमो में सवार दोनों कर्मचारियों के पैर में चोट आई है, जिनका फरसगांव अस्पताल में इलाज जारी है।
 
बताया जा रहा है कि केशकाल निवासी रज्जू पांडेय, अनिल सिन्हा व संतोष पाटिल निजी कार्य हेतु नारायणपुर गए हुए थे, जो वापसी के दौरान आंवरभाठा के समीप दुर्घटना हुई है, जिसके चलते तीनों की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही नगर में शोक की लहर छायी हुई है। उक्त तीनों मृतक केशकाल के अलग-अलग वार्डों के निवासी हैं। तीनों मृत युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news