राष्ट्रीय
रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)| चारा घोटाले के मामले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बिहार में राजग के एक विधायक को प्रलोभन दिए जाने का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद झारखंड भाजपा ने लालू प्रसाद पर अपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। भाजपा नेता और झारखंड विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को कहा कि, "लालू प्रसाद यादव ने बिहार विधान सभा के एक सदस्य को फोन पर प्रलोभन दिया है, यह हर्स ट्रेडिंग का मामला है। राज्य सरकार को इस पर तुरंत लालू प्रसाद पर प्रलोभन का आपराधिक मुकदमा दर्ज करना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि, "राज्य में विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज शायद नहीं रह गई है, तभी तो इस प्रकार की इजाजत एक सजायाफ्ता कैदी को दी जा रही है।"
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य सरकार चाहे तो उन्हें बिहार ही भेज दे। मरांडी ने पूरे प्रकरण में उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय से स्वत: संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद पर आपराधिक मुकदमा भी दर्ज हो साथ ही इन्हें अन्यत्र जेल में स्थानांतरित किया जाए।