ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। राजधानी रायपुर के एक प्रापर्टी कारोबारी का बीती रात में अपहरण कर लिया गया। इसकी जानकारी मिलने के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कारण-आपसी विवाद बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु शर्मा, सार्थक डे, निखिल चंद्राकर, हर्ष शर्मा व रितेश शर्मा शामिल हैं। गोलबाजार पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ करते हुए घटना की जांच में लगी है। पुलिस के मुताबिक कारोबारी पुरानी बस्ती निवासी विवेक गुप्ता ने बीती रात खुद थाने पहुंचकर अपने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी।
बताया गया कि कारोबारी के मुताबिक उसका अपहरण 27 नवंबर को रात साढ़े ग्यारह बजे अपने काम्प्लेक्स के निवासियों का विवाद छुड़ाने की कोशिश के बीच किया गया। वह रोज की तरह बीती रात भी अपने काम्प्लेक्स को देखने आया था। इस दौरान कॉम्प्लेक्स के दो लोगों से स्विफ्ट कार सवार युवक का विवाद चल रहा था। उसने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया, तो युवक उसे अपने कुछ साथियों के साथ मारपीट करते हुए अमलेश्वर की ओर ले गया। वहां उसे एक घर में बंद करे 50 हजार मंगाने के लिए दबाव डालने लगे।
कारोबारी गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि नदी पार ढाबे पर उसने अपनी बहन को 50 हजार लेकर बुलाया। इस दौरान अपहरणकर्ता उसे एक ढाबे के पास खड़ा कर बढ़ती भीड़ में अचानक फरार हो गए। बाद में वह अपनी बहन, मां व चचेरे भाई के साथ शहर वापस आ गया। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद के चलते प्रापर्टी कारोबारी का अपहरण किया गया था।