सामान्य ज्ञान

दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप
02-May-2021 4:09 PM
दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप

ग्रीनलैंड उत्तरी अमरीका के उत्तर-पूर्व में एक द्वीप है जो डेनमार्क के अधीनस्थ एकमात्र उपनिवेश है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा  द्वीप कहा जाता है। यह क्षेत्रफल (लगभग 82 हजार वर्ग मील) में आस्ट्रेलिया के बराबर है। शीत कटिबंध में स्थित ग्रीनलैंड एक ऐसा प्रदेश है जो आबाद है, लेकिन आबादी दक्षिणी समुद्री तट तक ही सीमित है जिसका क्षेत्रफल 46 हजार 740 वर्ग मील है। सन 1955 में इस द्वीप की आबादी 27 हजार 101 थी जिसमें से 1 हजार 867 यूरोपियन थे। पश्चिमी ग्रीनलैंड की आबादी 24 हजार 660, पूर्वी की 1 हजार 986 तथा उत्तरी ग्रीनलैंड की 455 थी।
ग्रीनलैंड की खोज 10वीं शताब्दी के पूर्वार्ध में नार्समेन के द्वारा हुई थी, और उनके कुछ उपनिवेश बने थे, लेकिन वे थोड़े समय में ही नष्ट हो गए। उत्तरी-पश्चिमी जलमार्ग की खोज के संबंध में इस द्वीप की पुन: खोज हुई और जॉन डेविस की यात्राओं से सन 1585-88 में द्वीप के पश्चिमी किनारे का पता चला। सन 1607 में हडसन ने पूर्वी किनारा भी देखा था। किंतु सन 1907 में यहां डेनिश सरकार की स्थापना हुई। सन 1852-1902 तक की विभिन्न यात्राओं से पश्चिमी तटीय प्रदेशों की खोज की गई तथा स्कोरेसबी नामक पिता पुत्र ने सन 1817-22 तक पूर्वी तटीय भागों का ज्ञान प्राप्त किया। यह खोज बाद में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा सन 1907 तक जारी रही।
 यह द्वीप पठारी है जिसकी औसत ऊंचाई 2000- 6000 फुट और मध्य का अधिकतम ऊंचा भाग 5000- 9000 फुट तक है। केवल तट के कुछ भागों को छोड़ कर संपूर्ण द्वीप हिम की लगभग 1000 फुट मोटी तह से ढंका है। भीतर का हिम विभिन्न ग्लेशियरों के द्वारा तटों तक आता है, जहां इनके द्वारा निर्मितबड़ी संख्या में फियोर्ड्स   हैं। स्कोर्सबी नामक फियोर्ड 163 मील लंबा है। अन्य महत्वपूर्ण फियोर्ड फ्रैंज जोजेफ, किंग आस्कर गोथाब, उमीनाफ, जेकब शेवन, पीटर मान, ऑसबार्न हैं। फियोर्ड्स के बीच सैकड़ों स्थानों में हिम सीधे समुद्र में गिरता है।
संपूर्ण द्वीप में उत्तर से दक्षिण की ओर ताप का थोड़ा ही अंतर है। उत्तर में चार महीने सूर्य नहीं दिखाई देता है इसलिए जाड़ों में ताप का अंतर अधिक हो जाता है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news