महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। फसल उत्पादन को प्रोत्साहित करने कृषि आदान सहायता हेतु राजीव गांधी किसान न्याय योजना में महासमुंद निवासी किसान संजय चन्द्राकर ने अब अपने खेत में धान के बदले पपीता, अदरक एवं हल्दी लगाने की तैयारी की है। इसके लिए उन्होंने खेत में नर्सरी भी बना ली है। अब वे पूरे जोर शोर से पौधा रोपण की तैयारी में लगे हैं।
संजय बताते हैं कि पचेड़ा में 6 एकड़ कृषि भूमि है। पिछले साल उन्होंने खेत में धान की फसल ली थी। लेकिन अब वे धान के बदले पपीता, अदरक एवं हल्दी की खेती करने की तैयारी माह जून से ही शुरू की है। उन्होंने कहा कि इसमें मेहनत कम और आय ज्यादा है। इस कारण इस काम को अपनाया है।
संजय कहते हैं कि उन्हें शासन की नयी योजना के बारे में पूरी जानकारी है। वे कहते हैं कि यदि धान के बदले कोदो, कुटकी,मक्का, सोयाबीन, दलहन-तिलहन के आलावा केला, पपीता आदि कोई किसान लगाता है, तो उन्हें प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की आदान सहायता राशि तीन वर्षों तक दी जाएगी। कृषक संजय ने कहा इसके लिए उन्हें उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से सतत् मार्गदर्शन प्राप्त होते रहता है। पूर्व में वे धान की पैदावार करते थें तो उन्हें अधिक लाभ प्राप्त नहीं हो पाता था। उन्होंने किसानों के हित के लिए अनेक योजनाएं संचालित करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का धन्यवाद व्यक्त किया है।