महासमुन्द

महासमुंद में मिला पहला चित्रित शैलाश्रय स्थल
04-Aug-2021 4:22 PM
महासमुंद में मिला पहला  चित्रित शैलाश्रय स्थल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 अगस्त।
बीते 2 अगस्त को संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व विवेक आचार्य के मार्गदर्शन में उप संचालक डॉ. पीसी पारख के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारियों प्रभात कुमार सिंह पर्यवेक्षक एवं प्रवीन तिर्की उत्खनन सहायक ने महासमुंद जिला मुख्यालय से 15 किमी. दूर बागबाहरा तहसील अंतर्गत ग्राम मोहदी के निकट महादेव पठार में एक चित्रित शैलाश्रय स्थल पेन्टेड रॉक शेल्टर की खोज की है। जिसमें पुरातत्वीय महत्व के शैलचित्र मिले हैं। उक्त स्थल के बारे में विभागीय अधिकारियों को सूचना कोमाखान निवासी विजय शर्मा राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक से प्राप्त हुई थी। 

दक्षिण-पश्चिम मुखी शैलाश्रय की चौड़ाई 17 मीटर, गहराई 5 मीटर और ऊंचाई लगभग 02 मीटर है। इन शैलचित्रों में नृत्य करते मानव समूह, वानर, सूर्य और चन्द्रमा सहित ज्यामितीय आकृतियां लाल गेरूवे रंग से निर्मित हैं। यह महासमुंद जिलान्तर्गत अब तक ज्ञात पहला चित्रित शैलाश्रय है। यहाँ उपलब्ध शैलचित्रों के आधार पर इस क्षेत्र में मानव सभ्यता एवं संस्कृति की प्राचीनता मध्यपाषाण काल तक संभावित है। इन शैलचित्रों का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि महासमुंद जिले में सिरपुर और खल्लारी जैसे पुरातत्वीय दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल पहले से ही विद्यमान हैं। सिरपुर को प्राचीन छत्तीसगढ़ की राजधानी होने का भी गौरव प्राप्त है। बरतियाभाठा से महापाषाणीय स्थल ज्ञात हैं। इस क्रम में मोहदी के निकट खोजा गया यह चित्रित शैलाश्रय स्थल महासमुंद जिले के इतिहास और पुरातत्त्व की दृष्टि से अब तक ज्ञात सबसे प्राचीन पुरास्थल माना जा सकता है। इस शैलाश्रय स्थल के पास ही चम्पई माता और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समूह दलदली के पूजित स्थल विद्यमान हैं, जो स्थानीय लोगों के आस्था के केन्द्र भी है।  विभाग द्वारा उक्त पुरास्थल को जिला प्रशासन एवं वन विभाग के सहयोग से सुरक्षित करने आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news