रायपुर

कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, समाज प्रमुखों ने भी नाम दिए
04-Aug-2021 5:49 PM
 कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, समाज प्रमुखों ने भी नाम दिए

निगम-मंडलों में नियुक्ति से वंचितों को मिलेगा पद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस कड़ी में अलग-अलग समाज के लोगों को पदाधिकारी बनाने पर भी विचार हो रहा है। कुछ नेताओं ने अपने समाज के सक्रिय नेताओं के नाम भी दिए हैं।

कांग्रेस संगठन में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। निगम-मंडलों में नियुक्ति से वंचित कई नेताओं को पद बांटने की तैयारी है। पूर्व विधायक रमेश वल्र्यानी ने सिंधी समाज के पार्टी में सक्रिय नेताओं को अहम पद देने की मांग की थी। उन्होंने प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से चर्चा भी की थी। पुनिया के निर्देश के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने वल्र्यानी से सिंधी समाज के सक्रिय नेताओं के नाम मांगे हैं।

बताया गया कि वल्र्यानी ने आधा दर्जन नाम भी दिए हैं। न सिर्फ सिंधी बल्कि अग्रवाल, जैन, और गुजराती समाज के नेताओं से भी नाम लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक सचिव के 75 पद हैं। इसी तरह किसान, संचार, विचार विभाग में भी अहम बदलाव किए जाएंगे। कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है।

संगठन में ऊंचे ओहदे पर बैठे कई नेताओं को निगम-मंडल में भी अहम दायित्व दिया गया है। ऐसे कुछ नेताओं की जगह नई नियुक्तियां हो सकती है। अलबत्ता, कुछ के पद यथावत रह सकते हैं। मसलन, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी यथावत अपने पद पर रह सकते हैं।

पिछले कई साल से किसान कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाल रहे चंद्रशेखर शुक्ला, इस दायित्व से मुक्त हो सकते हैं। वे प्रदेश महामंत्री का पद संभाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के प्रमुख नेताओं ने भी अपनी तरफ से नाम सुझाए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही नियुक्तियां हो सकती हैं।

 

 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news