महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अगस्त। वन विभाग द्वारा ग्राम बेलसोंडा के रेलवे स्टेशन के पास आयोजित वन महोत्सव में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने पौधरोपण कर वन महोत्सव की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने यहां सौंदर्यीकरण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। कल बुधवार को वन विभाग द्वारा ग्राम बेलसोंडा के रेल्वे स्टेशन के पास वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर थे। अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में कलेक्टर डोमन सिंह, एसपी दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा, नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग, सरपंच संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर, जिपं सदस्य अमर चंद्राकर, जनपद सदस्य कुणाल चंद्राकर, सरपंच भामिनी पोखन चंद्राकर मौजूद थे।
श्री चंद्राकर ने कहा कि पर्यावरण के लिए सभी को पौधरोपण करना चाहिए। पौधरोपण के बाद उसकी सुरक्षा व संरक्षण के लिए जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भले ही एक पेड़ लगाओ लेकिन पेड़ की सुरक्षा जरूरी है। वन विभाग की इस अभियान पर प्रसन्नता जताते हुए संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने यहां सौंदर्यीकरण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की।