राजनांदगांव

नांदगांव-कवर्धा के पौने तीन लाख किसानों को न्याय योजना में मिलेंगे दो अरब
20-Aug-2021 12:42 PM
नांदगांव-कवर्धा के पौने तीन लाख किसानों को न्याय योजना में मिलेंगे दो अरब

 

राजीव गांधी न्याय योजना की दूसरी किस्त कल खाते में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त।
राजीव गांधी किसान  न्याय योजना के जरिये राजनांदगांव और कवर्धा जिले के पौने तीन लाख किसानों के खाते में दो अरब रुपए  जमा हो गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस के मौके पर किसानों को योजना के तहत राशि दी जाएगी। 21 अगस्त से पंजीकृत किसानों के खाते में बैंक के जरिये राशि दी जाएगी।  राजनांदगांव और कवर्धा जिले के दो लाख 65 हजार किसानों को सरकार की इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार द्वारा इस योजना के तहत दूसरी किस्त किसानों को दी जा रही है।

राज्य सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना को किसानों के आर्थिक उन्नति के लिहाज से कारगर माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में किसानों को सरकार द्वारा पूर्व में भी पहली किस्त की रकम दी गई है। किसान इस योजना के प्रति आकर्षित हैं। बताया जा रहा है कि स्व. गांधी की जयंती पर मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के खाते में राशि का हस्तांतरण किया जाएगा। इसके बाद सभी पंजीकृत किसानों के खाते में राशि का स्थानांतरण करेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले के एक लाख 86 हजार 474 और कवर्धा जिले के 95 हजार 929 किसान इस योजना से लाभान्वित होंगे। राजनांदगांव के किसानों के लिए एक अरब 23 करोड़ और कवर्धा के किसानों को 64 करोड़ 96 लाख रुपए दिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि किसानों के खाते में  रकम 21 अगस्त को जमा हो जाएगी। त्यौहारी मौके पर राशि जमा होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। वहीं बाजार भी स्वाभाविक तौर पर दमकेगा।


न्याय योजना की फुहार किसानों में खुशहाली की बयार-नवाज
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खार्न  ने बताया कि धान का कटोरा के नाम से चर्चित छत्तीसगढ़ में जब से भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से अन्नदाता किसानों को उनके अन्न एवं हक का वास्तविक मूल्य राजीव गांधी किसान योजना के माध्यम से मिलना प्रारंभ हुआ है और इस योजना के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूरी संजीदगी से किसानों को लाभान्वित कर रही है। इसी क्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की दूसरी किस्त के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को 187 करोड़ 99 लाख 91 हजार की राशि प्राप्त हो गई है, जो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर किसानों के खाते में राशि का हस्तांतरण मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। उसके तत्काल बाद राजनांदगांव जिले के एक लाख 86 हजार 474 किसानों के लिए एक अरब 23 करोड़ 29 हजार रुपए एवं कवर्धा जिले के 95 हजार 929 किसानों के लिए 64 करोड़ 9 लाख 62 हजार रुपए इस प्रकार राजनांदगांव और कवर्धा जिले के किसानों को 21 अगस्त तक उनके खाते के माध्यम से राशि प्रदान करने के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार कर शाखा प्रबंधकों को विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं कि अन्नदाता किसानों को राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news