गरियाबंद

राजिम नपं अध्यक्ष व पूर्व अध्यक्ष समेत कई पार्षद भाजपा में
21-Aug-2021 5:52 PM
राजिम नपं अध्यक्ष व पूर्व अध्यक्ष समेत कई पार्षद भाजपा में

  डॉ. रमन ने गमछा पहनाकर कराया प्रवेश  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजिम, 21 अगस्त।
कांग्रेस और जोगी कांग्रेस से मोहभंग होने के कारण राजिम के कद्दावर नेता पवन सोनकर ने शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में उन्हें गमछा पहनाकर पार्टी में शामिल किया है। वहीं वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा जितेन्द्र सोनकर भी पार्षद एवं कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। 

श्री सोनकर अपने 150 समर्थकों के साथ पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश साहू, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप शर्मा, जिला उपाध्यक्ष महेश यादव के नेतृत्व में भाजपा के रीति, नीति, सिद्धांत एवं मोदी के कुशल नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में प्रवेश किया। पवन सोनकर के भाजपा प्रवेश से पार्टी और मजबूत होकर उभरेगी। उनके भाजपा प्रवेश राजिम मंडल सहित पूरे राजिम विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनको बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। नगर में उनके भाजपा प्रवेश की खबर पहुंचते ही जोरदार आतिशबाजी की गई एवं उनका फूलमालाओं से स्वागत किया गया। 

श्री सोनकर के भाजपा प्रवेश से राजिम विधानसभा के समीकरण में फेरबदल की आशंका है। पवन सोनकर भाजपा पार्टी की रीति नीति, केन्द्र के मोदी सरकार की जनहित, विकास कार्यों एवं देश हित में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण फैसले से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए। पवन सोनकर राजिम में एक बड़ा चेहरा माना जाता है। नगर पंचायत अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर निर्दलीय जीत हासिल की थी। वे कभी अमितेष शुक्ल और अजीत जोगी के खास माने जाते थे एवं उनकी पूर्व सांसद चंदूलाल साहू और महेश यादव से वर्षो पुरानी दोस्ती छिपी नहीं हैं। पिछले कुछ सालों से पवन सोनकर जोगी कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी दोनों से दूरी बनाकर चल रहे थे और शुक्रवार को अचानक उन्होंने चंदूलाल साहू के सानिध्य में अपने समर्थकों सहित भाजपा प्रवेश कर लिया। 

इधर वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा जितेन्द्र सोनकर भी पार्षद एवं कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी संदीप शर्मा के नेतृत्व में रेखा सोनकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समक्ष भाजपा में शामिल हुईं। 

दोनों कद्दावर नेता के भाजपा में शामिल होने से पार्टी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो सकता है और नगर पंचायत में पदाधिकारियों के चयन पर बहस भी छिड़ सकती है। जिस पद की लालसा के लिए कभी रेखा सोनकर को पार्टी से बगावत करनी पड़ी थी और कांग्रेस से हाथ मिलाने में देरी नहीं की थी, क्या अब उस पद पर बने रहने के लिए भाजपा को समझौता करना पड़ेगा या फिर फेरबदल कर पार्टी में संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी। पीआईसी को छोडक़र कोई बड़ा फेरबदल होगा, हालांकि इसकी संभावना कम ही है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news