बीजापुर

भाजपा नेत्री छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगे- यूथ कांग्रेस
04-Sep-2021 8:38 PM
  भाजपा नेत्री छत्तीसगढ़ की जनता  से माफी मांगे- यूथ कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर,  4 सितंबर। भाजपा नेत्री और छतीसगढ़ प्रभारी पुरंदेश्वरी के थूक वाले बयान पर यूथ कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि चुनी हुए केबिनेट और मुख्यमंत्री पर थूकने की बात कह कर डी. पुरंदेश्वरी ने छतीसगढ़ की जनता का अपमान किया है।

यहां स्थानीय कांग्रेस भवन में आयोजित यूथ कांग्रेस के प्रेस वार्ता में बीजापुर प्रभारी जावेद खान, बोधन देवांगन व युकां जिला अध्यक्ष एजाज़ सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा के तीन दिवसीय बस्तर चिंतन शिविर से सिर्फ एक बात निकल कर सामने आई है। वह थूक है। एक चुने हुए मुख्यमंत्री सहित पूरे कैबिनेट को थूक से बहाने की बात कह कर भाजपा नेत्री ने पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान किया है। युकां नेताओं ने कहा है कि पुरंदेश्वरी छत्तीसगढ़ की जनता से माफ़ी मांगे अन्यथा यूथ कांग्रेस उनका अपने तरीके से छत्तीसगढ़ में स्वागत करेगी।

एजाज़ सिद्दीकी ने कहा कि जिस समय भाजपाई बस्तर में चिंतन कर थूक की योजना बना रहे थे। उस समय भाजपा के कद्दावर कहे जाने वाले नेता के करीबी भाजपाई कांग्रेस की रीतिनीति से प्रभावित होकर बीजापुर विधायक के सामने कांग्रेस प्रवेश कर रहे थे।

इससे पूर्व जिला युवा कांग्रेस की यहां मासिक बैठक जिला प्रभारी जावेद खान व बोधन देवांगन की मौजूदगी में सम्पन्न हुई। युवा कांग्रेस की बैठक में शामिल हुए क्षेत्रीय विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने भी युवा कांग्रेसियों को संबोधित किया। विधायक विक्रम मंडावी ने युवाओं में जोश भरते हुए उन्हें अभी से आगामी चुनाव के लिए कमर कस लेने को कहा। वहीं जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन  करते हुए उन्हें पंचायत व ब्लाक स्तर पर संगठन द्वारा दिये गए कार्यक्रमों को करने प्रेरित किया।

इसके बाद युवा कांग्रेसियों ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर पीएम  व थूक वाले बयान को लेकर भाजपा की प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक कार्यकारिणी व नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news