गरियाबंद

हरतालिका तीज पर्व धूमधाम के साथ मनाया
11-Sep-2021 5:47 PM
हरतालिका तीज पर्व धूमधाम के साथ मनाया

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 सितंबर।
महिलाओं ने हरतालिका तीज का पर्व उत्साह धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर मंदिरों, बाजारों में काफी रौनक नजर आई। बाजार में पूजा व अन्य सामग्रियों की खरीददारी के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। सुहागिन महिलाओं ने व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु की कामना की। साथ ही परिवार की सुख-शांति, समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। 

त्रिवेणी संगम बीच स्थित भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करने बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ रही। महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करते हुए सुहाग की सामग्री माता पार्वती को अर्पित कर कथा सुनी। 

महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी आयु और सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। शहर में गुरुवार-शुक्रवार को बाजार में रौनक नजर आई। दिनभर दुकानों में भीड़ लगी रही। पूजन सामग्री के साथ-साथ साडिय़ों की खरीददारी महिलाओं ने की। पूजा की तैयारी में भी महिलाएं सुबह से जुटी हुईं थी। भगवान शिव देवी पार्वती को प्रसन्न करने के लिए महिलाओं ने यह व्रत रखकर विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना की। इस दिन सुहागिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती से अपने सुहाग की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना कर अपने पति की लंबी आयु के लिए वरदान मांगी। 

मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। इसके बाद माता पार्वती के कठोर तप को देखकर भगवान शिव ने उन्हें दर्शन देकर अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। जिसके चलते ही महिलाएं अच्छे पति की कामना और पति की लंबी उम्र के लिए इस व्रत को रखती हैं। वहीं ग्रामीण अंचलों में भी यह दृष्य देखा गया। चम्पारण में भगवान श्री चम्पेश्वरनाथ महादेव के पूजन हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गाँव के सरपंच श्रीमती राधिका-जेठु धुव, किसान शोभाराम साहू सहित समस्त ग्राम वासी उपस्थित थे। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news