राजनांदगांव

गांधी जयंती पर सीएम हाउस घेरेगा कर्मचारी कल्याण संघ
13-Sep-2021 1:46 PM
गांधी जयंती पर सीएम हाउस घेरेगा कर्मचारी कल्याण संघ

 

   अंशकालीन स्कूल सफाईकर्मियों ने किया प्रदर्शन   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 सितंबर।
महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में छग अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ राजनांदगांव मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगा। अपनी मांगों को लेकर सोमवार को स्थानीय जिला कार्यालय के सामने फ्लाई ओवर के नीचे धरना प्रदर्शन में कर्मियों ने 2 अक्टूबर को पदयात्रा निकालकर सीएम हाउस का घेराव करने का निर्णय लिया है।

संघ का कहना है कि 2018 में प्रदेश सरकार के घोषणा पत्र में कर्मियों को पूर्णकालिक दर्जा देकर नियमित करने का वादा किया गया था। कांग्रेस सरकार का 3 साल का कार्यकाल पूर्ण होने के करीब है। इस दिशा में अब तक सरकार ने ठोस पहल नहीं की है।  संघ ने आगामी 30 सितंबर तक का अल्टीमेटम देते तत्काल कर्मियों की मांग पूर्ण करने की मांग करते चेतावनी देते कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री का निवास घेरा जाएगा। जिसमें दुर्ग संभाग के सभी जिलों के कर्मी पदयात्रा में शामिल होंगे। इससे पहले स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर के सामने एकजुटता के साथ संघ ने प्रदर्शन किया। संघ ने वादा निभाओ नारों के साथ अपनी मांग को पूरा करने की सरकार से अपील की है। धरना प्रदर्शन करने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी।

प्रदर्शन के बीच संघ ने एक भव्य रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री से वादा निभाओ नारा लगाते प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी भी दी। बताया जा रहा है कि करीब दो हजार से अधिक कर्मचारी अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। बड़ी रैली के जरिये कर्मियों ने एक तरह से सरकार को चेताते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने की सूरत में अगले चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news