कोरिया

नशे से ग्रसित लोगों से बात करें, उनकी समस्याओं को सुलझाएं
14-Sep-2021 6:55 PM
नशे से ग्रसित लोगों से बात करें, उनकी समस्याओं को सुलझाएं

एसपी ने दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर, 14 सितंबर।
कोरिया पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह की उपस्थिति में नारकोटिक्स और ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, महिला वालेंटियर और नेतागण उपस्थित रहे। एसपी ने उपस्थित सभी लोगों को नशे के खिलाफ इस अभियान की सफलता और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

कोरिया जिले में पदस्थापना के बाद से ही नशे के खिलाफ जन जागृति फैलाने में जुटे पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने समाज के हर वर्ग को कार्यशाला में आमंत्रित कर इस अभियान से जोड़ा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि जब हमने 15 अगस्त को इसकी शुरुआत की थी और आज जहां हर जगह इस अभियान की बात हो रही है। इसमें कहीं न कहीं आप सभी का योगदान है। दुनिया में सबसे 47 फीसदी अपराध नारकोटिक्स के ही कारण होते हंै। जिले में 200 से ज्यादा लोगों पर कार्यवाही की है, जिसमें ज्यादा नशे से जुड़े लोग है। नशा मुक्त अभियान कम और इस समस्या से निजात दिलाने के अभियान है। आयोजन होते रहे हैं, पर ये आयोजन ऐसा रहे जिसमे हर कोई अपनी भागीदारी दिखाए। नशे के कारण कुछ भी हो, पर उसका प्रभाव सब पर पड़ता है। उन्होंने छोटी कहानी सुनाई और अंत में बताया कि हमको अपनी जिम्मेदारी दूसरों पर नहीं थोपना चाहिए, बल्कि खुद ही लेकर आकर सहयोगी बनना चाहिए। नशे से ग्रसित लोगों से बात करें, उनकी समस्याओं को सुलझाएं। मैं चाहता हूँ कि आप सब इस आंदोलन में साथ दें ताकि कोरिया को नशे से निजात दिला सके।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस के प्रदेश सचिव योगेश शुक्ला ने कहा कि हम सब पुलिस अधीक्षक के शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने बड़ी सामाजिक बुराई को हटाने मुहिम शुरू की है। ये कोरिया जिले की बड़ी उपलब्धि है। यदि परिवार का एक सदस्य नशे का शिकार हो गया तो समझिए पूरा परिवार बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस मुहिम से हर कोई जुड़े और पुलिस का पूरा सहयोग करें। 

भाजपा उपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे ने कहा कि पहली बार देखा जा रहा है कि पुलिस आपके पास आ रही है, बता रही है कि नशे से दूर रहिए,  उन्होंने कहा नशा ही नाश की जड़ है, उन्होंने पुलिस अधीक्षक को बधाई दी व कहा कि जिस तरह से जिले में तेजी से कार्यवाही हो रही है, निश्चित ही यहां की एक पीढ़ी को इसका लाभ मिलेगा।

समानता क्रांति के अमिताभ गुप्ता ने कहा कि एक व्यक्ति सिर्फ नशे के कारण खुद का नुकसान नहीं करता वरन पूरे समाज का नुकसान करता है। उन्होंने नशे के शिकार लोगों को किस तरह से उसे नशे से दूर किया जा सके, कई सुझाव दिए।

तहसीलदार मनमोहन सिंह ने कहा कि हमारे न्यायालय में लोग नशे में आ जाते हैं। ज्यादा प्रताडि़त घर में महिलाएं होती हंै, इसके कई दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। ये बड़ी सामाजिक बुराई है, जागरूकता से ही ये दूर हो सकेगी। उन्होंने लोगों से आव्हान किया कि इस अभियान से बढ़-चढक़र हिस्सा लें। 

एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह ने कहा कि हमारे पुलिस अधीक्षक जी को जो सम्मान मिला है, ये हम सब के लिए गर्व की बात है। जिस भी जिले में जाते हैं, वहां की परिस्थितियों के आधार पर अभियान शुरू करते हंै। इस सामाजिक बुराई को दूर करने में आप सबकी मदद कारगर साबित होगी। 

वहीं सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा ने कहा कि एसपी ने जो निजात अभियान शुरू किया है। इससे स्वास्थ्य विभाग को बहुत फायदा हुआ है, उन्होंने कुछ दवाओं के नाम बताए, जिन्हें बेचा ही नहीं जाना चाहिए। हम भी ऐसी दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हंै। नशे के बाद ऐसे कई लोग आते कि सर बहुत दर्द हो रहा है। नशा करने वाले के शरीर के कई ऑर्गन खराब हो जाते हैं। 

उन्होंने एसपी का धन्यवाद किया और कहा कि ये अभियान कोरिया जिले की कई पीढिय़ों के लिए वरदान साबित होगा। इस अवसर पर पुलिस के अधिकारियों और काफी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news