कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 सितंबर। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन कोण्डागांव में 21 सितंबर को आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश सहप्रभारी सुरेश कठैत, प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, आशुतोष पाण्डेय समेत जिला पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश सहप्रभारी सुरेश कठैत ने बताया, जिस प्रकार सभी विधानसभा में जनता का प्यार और पार्टी के प्रति रुझान देखने को मिल रहा है, इससे ये विश्वास है कि 2023 के चुनाव में मजबूती के साथ लड़ेंगे और छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा, वर्ष 2021 आम आदमी पार्टी का संगठन वर्ष है। संगठन निर्माण के लिए पार्टी पूरी तरह गम्भीर है। कोमल हुपेंडी ने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभाओं में प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने पूरे प्रदेश में मंडल व बूथ स्तर पर पदाधिकारी नियुक्त करने निर्देशित किया है। कोमल हुपेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा और कांग्रेस से त्रस्त हो चुकी है, आज जिस तरह से विपक्ष में रहते हुए भाजपा मौन है, उसको देख साफ है कि दोनों ही एक शरीर दो जान की तरह है, जबकि आज छत्तीसगढ़ की जनता अपनी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जिंदगी बिता रही है।
आशुतोष पाण्डेय ने कहा, छत्तीसगढ़ में जिले में बूथ स्तर तक कार्यकर्ता बनाएगी और जगह-जगह जाकर सरकार की विफलता को बताएंगे और इनके भ्रष्टाचार का उजागर करेंगे।