राजनांदगांव

भाटिया-जूदेव को भाजपा ने अर्पित की पुष्पांजलि
24-Sep-2021 7:24 PM
भाटिया-जूदेव को भाजपा ने अर्पित की पुष्पांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 24 सितंबर।
जिला भाजपा ने अपने दोनों दिवंगत नेता रजिंदरपाल सिंह भाटिया एवं युद्धवीर सिंह जूदेव को गुरुवार को एक श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धासुमन अर्पित किया।
मीडिया सेल के अनुसार गुरुवार को भाजपा कार्यालय में दोपहर 2 से 4 बजे तक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यकर्ताओं ने रजिंदरपाल सिंह भाटिया एवं युद्धवीर सिंह जूदेव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि देकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। तत्पश्चात श्रद्धांजलि सभा में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने श्रद्धांजलि सभा में स्व. भाटिया को यद करते कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि स्व. भाटिया के आदर्शों एवं उनकी जनता के हितार्थ नीतियों को अपनाकर जनप्रिय नेता बनने से ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी। सभी नेताओं ने स्व. भाटिया के सहज, सरल, मिलनसार व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी।

पूर्व सांसद अशोक शर्मा ने बताया कि अक्सर भाटिया दवाईयां गांव-गांव में साथ लेकर चर्चा करते  थे और जरूरतमंद को नि:शुल्क दवा का वितरण किया करते थे। उनके सरल स्वभाव के सभी कायल थे। गांव के सभी लोग उनकी सादगी की प्रशंसा किया करते थे। उन्होंने कहा कि उनकी मृत्यु से न केवल पूरा छुरिया, बल्कि राजनांदगांव एवं छत्तीसगढ़ की राजनीति को गहरा असर पड़ा है। 

सांसद संतोष पांडेय ने भी स्व. भाटिया की शैली की चर्चा करते कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा के नीति एवं सिद्धांत उनके हृदय में बसे हुए थे। उन्होंने युद्धवीर सिंह जूदेव की चर्चा भी की एवं उनके जैसे शूरवीर के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन सावन वर्मा ने किया, फिर 2 मिनट की मौन श्रद्धांजलि भी व्यक्त की तथा अंत में प्रार्थना की गई कि ईश्वर ऐसे दिवंगत नेताओं की आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें एवं उनके परिवार को दुख  सहने की शक्ति प्रदान करें। श्रद्धांजलि सभा में जिला महामंत्री सचिन बघेल, विक्रांत सिंह, कोमल जंघेल, प्रदीप गांधी, भरत वर्मा, राजेश श्यामकर सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news