राजनांदगांव

कलेक्टर ने गौठान, खेती-बाड़ी और स्कूलों का किया निरीक्षण
24-Sep-2021 7:25 PM
कलेक्टर ने गौठान, खेती-बाड़ी और स्कूलों का किया निरीक्षण

राजनांदगांव, 24 सितंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार को शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति जानने खैरागढ़ के ग्राम विचारपुर के गौठान, ग्राम सिरसाही में खेती-बाड़ी, उरईडबरी में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, नरवा, पशुपालन एवं डेयरी, टेकापार में टीकाकरण केन्द्र, अचानकपुर नवागांव में लोक सेवा केन्द्र तथा स्कूल का सघन निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने विचारपुर में गौठान का निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने गोबर खरीदी का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना शासन की लोकहितैषी योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों में संरचना विकसित होने के बाद इसमें निरंतर कार्य होते रहेगा और समूह की महिलाओं को आजीविका का साधन मिलेगा। उन्होंने गौठान में गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट की जानकारी ली। सचिव ने उन्हें बताया कि 705 क्ंिवटल गोबर की खरीदी की गई है तथा 137 क्ंिवटल वर्मी कम्पोस्ट बनाया गया है। कलेक्टर ने वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए तथा वर्मी कम्पोस्ट बिक्री के लिए भी कहा। उन्होंने गौठान में छायादार पेड़ लगाने के निर्देश दिए। 

उन्होंने गौठान में साफ-सफाई करने तथा बकरी शेड का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां समूह की महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत के दौरान वहां की बुनियादी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से राजस्व कार्यों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि पटवारी सप्ताह में एक दिन यहां आता है। कलेक्टर ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी तथा फसल बीमा  के संबंध में जानकारी ली। 
कलेक्टर ने ग्राम सिरसाही में किसान राजेश लोधी के केले की फसल का अवलोकन किया। राजेश ने 12 एकड़ भूमि में केले की फसल लगाई है। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वे मल्चिंग विधि से लौकी और टमाटर की खेती भी कर चुके हंै।

कलेक्टर ने उरईडबरी में बहरा नाला में नरवा के गेबियन स्ट्रक्चर का अवलोकन किया। यहां निर्मित इस जल संरचना से गांव के खेतों में सिंचाई की जा रही है। सिंचाई के लिए सोलर पैनल भी लगाया गया है। आसपास के क्षेत्रों का जल स्तर भी बढ़ा है। किसान यहां नरवा का लाभ लेते हुए रबी की फसल लेते हैं। कलेक्टर ने उरईडबरी में पशुपालन एवं डेयरी का अवलोकन किया। किसान आकाश दीप ने उन्हें बताया कि ओंगोल, गिर, साहिवाल नस्ल की गाय है। डेयरी का कार्य काफी अच्छा चल रहा है वहीं नेपियर घास भी लगाएं है। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने अपनी फसल में परिवर्तन करते हुए कोदो की फसल लगाई है। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि अन्य किसानों को भी फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करें। 

कलेक्टर सिन्हा ने टेकापार में टीकाकरण केन्द्र का मुआयना किया। उन्होंने सुबह टीकाकरण जल्दी प्रारंभ करने के लिए कहा। उन्होंने वैक्सीन के खेप के संबंध में जानकारी ली। वैक्सीनेटर ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। कलेक्टर ने ग्रामवासियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के निर्देश दिए। 

पटवारी को पंचायत में उपस्थित रहने दिए निर्देश
कलेक्टर ने अचानकपुर नवागांव में ग्राम पंचायत का जायजा लिया। वहां उन्होंने ग्रामीणों से रूबरू होकर पटवारी के कामकाज के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पटवारी को नियमित रूप से ग्राम पंचायत में उपस्थित रहने तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए कहा। अन्य पिछड़ा वर्ग के सर्वे कार्य, टीकाकरण की स्थिति, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम लवकेश धु्रव, मनरेगा के फैज मेनन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news