सूरजपुर
घर से 200 मीटर दूर झाडिय़ों में खून से लथपथ मिली लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भटगांव, 25 सितंबर। सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत निवासी 10वीं कक्षा में अध्ययनरत एक छात्र की धारदार हथियार से अज्ञात लोगों ने नृशंस हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि छात्र देर रात पढ़ाई कर रहा था। छात्र का शव आधी रात उसके घर से करीब 200 मीटर दूर झाडिय़ों में खून से लथपथ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। छात्र की हत्या किस कारण से की गई है, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।
लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम बृजनगर निवासी रोहित कुमार राजवाड़े पिता राजेंद्र प्रसाद राजवाड़े (15 वर्ष) 10वीं कक्षा का छात्र था। वह यूवी संस्कार स्कूल में पढ़ाई करता था। शुक्रवार की रात घर के अन्य सदस्य खाना खाकर सो गए थे, जबकि रोहित पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 3 बजे परिजनों की नींद खुली तो छात्र के कमरे का दरवाजा खुला था। उन्होंने जाकर देखा तो रोहित कमरे में नहीं था। इसके बाद घर में हो-हल्ला मच गया। परिजनों ने रोहित की खोजबीन शुरु कर दी।
रात में ही परिजन रोहित की खोजबीन करते गांव में निकले। इसी बीच घर से करीब 200 मीटर दूर झाडिय़ों में उसकी खून से लथपथ लाश मिली। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना चौकी में दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की।