सूरजपुर

भाजयुमो ने स्कूल के गेट पर दिया धरना
05-Oct-2021 8:25 PM
भाजयुमो ने स्कूल के गेट पर दिया धरना

बिश्रामपुर, 5 अक्टूबर। भाजयुमो द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कल्याणपुर में आयोजित प्रश्नोत्तरी व निबंध लेखन कार्यक्रम विद्यालय प्रबंधन द्वारा नहीं करने दिए जाने से नाराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के मेन गेट पर धरना प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की। नाराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

भाजयुमो के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत भाजयुमो द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल कल्याणपुर में प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया जाना निर्धारित किया गया था, किंतु ऐन वक्त पर विद्यालय के प्राचार्य द्वारा डीईओ के आदेश का हवाला देते हुए विद्यालय परिसर में उक्त कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रविंद्र भारती ने कहा कि जिला प्रशासन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव का कार्यक्रम विद्यालय परिसर में नहीं करने दिया जाना दुखद और शर्मनाक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इशारे पर डीईओ द्वारा विद्यालय के प्राचार्य को विद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव कार्यक्रम पर कार्यक्रम आयोजित नहीं करने दिए जाने का मौखिक आदेश दिया जाना हास्यास्पद होने के साथ ही उनकी ओछी मानसिकता का परिचायक है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन की ओछी मानसिकता का भाजयुमो कड़ी निंदा करती है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनूप सिन्हा समेत महेश्वर पैकरा, सूरज सेट्टी, अमरनाथ पैकरा, मोहन शर्मा, सुरेश सोनी, ननकू राजवाड़े, बाबूलाल शाह, दुष्यंत तिवारी, विजय जायसवाल, भोग प्रसाद, विनोद जायसवाल, चंद्रमणि प्रधान, जीतू मानिकपुरी, सुरजन यादव, हरिनंदन राजवाड़े, सुखदेव यादव शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news