राजनांदगांव

भाजपा महिला मोर्चा में फिर घमासान
07-Oct-2021 4:58 PM
भाजपा महिला मोर्चा में फिर घमासान

महिला आयोग पूर्व सदस्य रेखा मेश्राम की महामंत्री से कहा-सुनी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर।
अंतर्कलह से जूझ रही भाजपा के साथ महिला मोर्चा में भी घमासान मचा हुआ है। भाजपा महिला मोर्चा की दक्षिण मंडल की महामंत्री गीता साहू ने पूर्व महिला आयोग सदस्य रेखा मेश्राम तथा माधुरी जैन के खिलाफ बीते दिनों सियासी मतभेद के चलते हुए विवाद को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव से लिखित में शिकायत की है। महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती मेश्राम और माधुरी जैन पर शिकायतकर्ता ने निजी रूप से टिप्पणी करने के साथ बुरा बर्ताव करने के मामले को लेकर संगठन से कार्रवाई करने की भी मांग की है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पार्टी कार्यालय में गीता साहू की मौजूदगी में रेखा मेश्राम और माधुरी जैन ने निजी जिंदगी से जुड़े मामलों को लेकर सख्त टिप्पणी की। इस बात से आहत होकर गीता साहू ने जब आपत्ति की तो रेखा मेश्राम ने भडक़ते हुए चुप रहने की नसीहत दी। 

बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बीच गीता साहू के निजी जिंदगी से जुड़े विषयों को लेकर भी टिप्पणी की गई है। इससे दुखी होकर महामंत्री गीता साहू ने जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव के नाम पर एक आवेदन देते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। सूत्रों का कहना है कि श्रीमती साहू ने पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं को भी घटना से अवगत कराते हुए कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया है। 

हालांकि जिलाध्यक्ष श्री यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि घटना के संबंध में किसी तरह का आवेदन अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य नेताओं को दिए गए आवेदन के संबंध में जानकारी नहीं है। 
इस संबंध में गीता साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि शिकायत के विषय पर जिलाध्यक्ष ही अधिकृत जानकारी दे पाएंगे। यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। 

ज्ञात हो कि भाजपा महिला मोर्चा में खींचतान पूरे चरम पर है। कुछ महीनों पहले हुए महिला मोर्चा की नियुक्तियों को लेकर जमकर विवाद हुआ था। विवादित चेहरों को महिला संगठन में शामिल किए जाने से उठा विवाद बमुश्किल आला नेताओं के दखल के बाद पटाक्षेप हुआ।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news