महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 अक्टूबर। सप्ताहभर पहले कसडोल क्षेत्र की ओर रवाना हुए रोहांसी दल के दो दंतैल वापस सिरपुर क्षेत्र लौटे हैं। दो दंतैल के आने की खबर ग्रामीणों ने वन विभाग को दी है। इसके बाद विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने ग्रामीणों को दंतैल के आने की सूचना देकर रात के समय अंधेरे में निकलने से मना किया है।
वन विभाग के मुताबिकअमलोर क्षेत्र की ओर दोनों दंतैल को देखा गया है। ये दोनों टस्कर हैं, जो महासमुंद से कसडोल क्षेत्र के बीच आवागमन करते हैं। अब फिर से क्षेत्र में दो दंतैलों के वापस आने से किसानों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। खेतों के भीतर से आते-जाते दंतैल फसल को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। वर्तमान में धान की फसल में बालियां पक गई है।
किसानों की मानें तो नवंबर में फसल की कटाई शुरू हो जाएगी। यही कारण है कि किसानों को यह डर है कि कहीं खेतों में काम करते समय दंतैल से सामना न हो जाए।
डिप्टी रेंजर राकेश परिहार ने भी ग्रामीणों से दंतैलों के लौट आने की सूचना मिलने की बात कही है। ये दोनों दंतैल नवागांव, रायतुम, बलदाकछार होते हुए कसडोल क्षेत्र में चले गए थे।