सरगुजा

बांध की नहर में बड़ा छेद, बह रहा पानी खेतों में
11-Oct-2021 8:57 PM
बांध की नहर में बड़ा छेद, बह रहा पानी खेतों में

 

किसानों ने धान की फसल खराब होने की जताई आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 11 अक्टूबर।
अलगा बांध की नहर में बड़ा छेद होने से पानी खेतों में जा रहा है। जिससे धान की पक्की फसल खराब होने की किसानों ने आशंका जताई है। मामला सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड का है।

किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग के द्वारा लाखों रुपए की लागत से 2 वर्ष पूर्व ग्राम बेलदगी अलगा बांध से कोसंगा, लखनपुर भरतपुर, गोरता तक नहर का निर्माण कार्य कराया गया था। विभागीय लापरवाही के कारण आज भी नहर निर्माण कार्य आधा अधूरा है, वहीं नहर में कई जगह दरारें पड़ चुकी हंै।
 
जानकारी के मुताबिक ग्राम कोसंगा से होकर गुजरी नहर में बड़ा छेद होने से नहर का पानी खेतों में जा रहा है। कोसंगा के किसान लोचन सिंह , महेश सिंह, घूर साय, अशोक, फेकू, राम प्रशाद, राजनाथ, जगेस्व्र, जयपाल, सतपाल,राम बाई, आनंद, नार सिंह, अमृत, चितरंजन, माइको बाई, सच्चा राम सहित अन्य किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा हम किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

पूर्व में नहर में छोटा छेद हुआ था, जांच करने आए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी। परंतु अधिकारियों के द्वारा उस छोटे छेद को बंद नहीं किया गया। जिसके बाद यह बड़ा हो गया और नहर का पानी खेतों में जाने से किसान धान की फसल नहीं काट पा रहे हैं।

किसानों का आरोप है कि खेतों में ज्यादा पानी होने से धान की फसल भी खराब हो सकती है। कई बार इसे लेकर विभाग को सूचना भी दी गई, परंतु आज तक विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। किसानों ने नहर का पानी बंद करते हुए नहर की मरम्मत कार्य कराए जाने की मांग शासन प्रशासन से की है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news