बस्तर

मूलभूत समस्याओं को ले भाजपा पार्षद दल ने वार्डवासियों के साथ निगम घेरा
11-Oct-2021 9:13 PM
मूलभूत समस्याओं को ले भाजपा पार्षद दल ने वार्डवासियों के साथ निगम घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 अक्टूबर। जवाहर नगर वार्ड की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार ज्ञापन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। नाराज वार्डवासियों ने भाजपा पार्षद दल के साथ निगम का घेराव किया। इसके बाद रैली की शक्ल में वार्डवासी और भाजपा कार्यकर्ता नेताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया गया।

   जवाहर नगर वार्ड के पार्षद धनसिंह नायक के द्वारा वार्ड की समस्या के निराकरण हेतु लगातार नगर निगम में लिखित/मौखिक और सदन में अपनी बात रखते हुए पानी सफाई बिजली सडक़ सामुदायिक भवन राशन की दुकान स्वास्थ्य केंद्र जैसे विषय को लेकर कई बार ज्ञापन देने के बाद भी किसी भी कार्य को गंभीरता से नहीं लिया गया।  धनसिंह नायक के द्वारा पूर्व में निगम प्रशासन को और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर समस्याओं के निराकरण नहीं होने पर प्रदर्शन की बात कही थी।

   आज सैकड़ों वार्डवासियों के साथ कई समस्याओं के साथ हाथों में समस्याओं की तख्ती लेकर महिलाएं अपने सिरों में खाली गुंडी और पुरुष कावड़ में खाली गुंडी को लेकर निगम तक वार्ड से ढोल नगाड़े के साथ पैदल पहुंचकर निगम कार्यालय का घेराव किया। प्रशासन ने  प्रदर्शन के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया था और निगम कार्यालय के सामने ही अस्थाई बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को इसके अंदर रोका गया।

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने कहा कि भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य और मूलभूत सुविधाएं, जनहित से जुड़े विषय की लगातार अनदेखी की जा रही है, निगम में ओछी राजनीति के चलते स्वीकृत कार्य भी रोके जा रहे हैं, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धनसिंह नायक ने कहा कि मेरे द्वारा लगातार वार्ड की समस्या से अवगत लिखित मौखिक और अधिकारियों को मौके पर ले जाकर दिखाया जाता रहा है। वार्ड में ज्यादातर गरीब मजदूर वर्ग के लोग निवास करते हैं, ऐसे में इन्हें स्वास्थ्य की सुविधा, शुद्ध पानी, सफाई और स्वच्छ वातावरण हेतु महापौर द्वारा ध्यान नहीं देना गरीब जनता के साथ अन्याय है।

नगर अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने आरोप लगाते कहा कि महापौर भाजपा वार्डों में निवासरत जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं कर, प्रतिशोध की भावना से काम कर रही हैं। भाजपा के पार्षद अपनी बात जब सदन में नहीं रख पा रहे हैं, सदन में बहुमत की दादागिरी से बिना चर्चा के सारे विषय को पास किया जाता है, तो सडक़ की लड़ाई लडऩे को मजबूर हुए हैं।

भाजपा पार्षदों की बात सदन में सुनी जाती और सभी वार्डों को निगम का अंग माना जाता तो, भेदभाव नहीं किया जाता, और भाजपा के वार्ड में भी कार्य कराए जाते।

निगम कार्यालय में घेराव के दौरान आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कुछ कार्य को तत्काल चालू किया जाएगा, और कुछ कार्य को शासन के समक्ष रखा जाएगा। निगम घेराव के पश्चात रैली की शक्ल में जवाहर नगर के वार्डवासी और भाजपा कार्यकर्ता नेताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया गया।

इस अवसर पर पार्षद राजपाल कसेर, त्रिवेणी रंगारी, नीलम यादव, ममता पटाई, राकेश तिवारी, शशिनाथ पाठक आनंद झा अजय सरस्वती सतीश बाजपेई  दिलीप झा, प्रेम यादव रोशन झा गणेश काले के साथ सैकड़ों वार्ड वासी निगम घेराव में  शामिल थे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news