राजनांदगांव

दो लाख का ईनामी नक्सली गढ़चिरौली में गिरफ्तार
12-Oct-2021 12:09 PM
दो लाख का ईनामी नक्सली गढ़चिरौली में गिरफ्तार

आधा दर्जन मुठभेड़ और तीन नागरिकों की हत्या का भी आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अक्टूबर।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सलियों के एक महत्वपूर्ण साथी को गिरफ्तार किया है। सोमवार तडक़े दो लाख के ईनामी नक्सली अजय हिचामी को पुलिस ने उसके पैतृक घर से गिरफ्तार किया है। एटापल्ली डिवीजन के जारेवाड़ा के रहने वाले अजय हिचामी पर तीन ग्रामीणों की हत्या समेत आध दर्जन मुठभेड़ में शामिल होने का आरोप है। उस पर डकैती का भी एक मामला दर्ज है। गढ़चिरौली एसपी अंकित गोयल ने ‘छत्तीसगढ़’ से गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि गांव में आने की खबर के बाद नक्सली को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उस पर अलग-अलग थानों में नामजद अपराध कायम है।

मिली जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय नक्सली अजय हिचामी गट्टा नक्सल दलम का सदस्य था। 2019 में वह नक्सली दल में शामिल हुआ। वर्तमान में वह एक्शन टीम का मेम्बर था। वह व्यक्तिगत रूप से गट्टा और बुरगी पुलिस चौकी में हमले में भी शामिल रहा है। उसके नक्सल गतिविधियों के चलते महाराष्ट्र सरकार ने 2 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया था।

एसपी अंकित गोयल ने नक्सल क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की वजह से नक्सलियों की कमजोर होती हालत को देखते दलम के सदस्यों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news