गरियाबंद

आतिशबाजी के साथ रावण दहन
16-Oct-2021 5:01 PM
आतिशबाजी के साथ रावण दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 अक्टूबर।
दशहरा पर्व शुक्रवार को शहर सहित अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा उत्सव समिति नवापारा द्वारा हाईस्कूल के विशाल मैदान में 51 फीट के रावण पुतले का दहन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम की महाआरती के साथ आतिशबाजी की गई। इस अवसर पर अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज उपस्थित थे। अतिथियों ने उपस्थित जनसमुदाय को दशहरा पर्व की बधाई दी।

विधायक धनेन्द्र साहू ने कहा कि हमारे मानव जीवन का आधार ही धर्म है। मानव जीवन में सुख शांति की कल्पना बिना धर्म के नहीं हो सकता। दशहरा उत्सव हमें संदेश देता है कि अधर्म के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली क्यों ना हो जाये, यदि धर्म के रास्ते पर नहीं चलता, तो कभी भी तरक्की नहीं हो सकता। हमेशा धर्म की ही विजय होती है। हमेशा असत्य पर सत्य की ही विजय होती है। विधायक श्री साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम को हम भांचा के रूप में मानते हैं। इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार के मुखिया भूपेश बघेल राम वनगमन परिपथ को चिन्हांकित कर 9 स्थानों पर एक साथ परिपथ के निर्माण कार्य एवं विकास कार्य प्रारंभ हुआ है।

उन्होंने कहा कि माता कौशिल्या जी की पवित्र जन्म स्थान चंदखुरी भव्य रूप ले चुका है। भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में चंदखुरी नगरी स्थापित हुआ है। आने वाले समय में सभी चिन्हांकित 9 स्थानों में राम वनगमन परिपथ के रूप में विकसित होगा।
 पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि गोबरा नवापारा की धरती के लोमष ऋषि आश्रम में भगवान का भी आगमन हुआ था। उन्होंने कहा कि आप सभी और जन-जन के अतुलनीय योगदान से अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण से देश ही नहीं पूरे विश्व का एक ऐतिहासिक मंदिर होगा जिससे हम नए आस्था और नए विश्वास का संदेश पूरे दुनिया में दे सकेंगे। अशोक बजाज ने कहा कि भगवान राम के बताए मार्ग पर हम सब को चलकर जीवन को कृतार्थ बनाएं।

कार्यक्रम में दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारी रतीराम साहू, भाजपा नेता अनिल जगवानी, नपा अध्यक्ष धनराज मध्यानी, होरीलाल साहू, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पार्षद प्रसन्न शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकनाथ सोनकर, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष जीत सिंग, रमेश तिवारी, मुकुंद मेश्राम, नागेन्द्र वर्मा, रामा यादव, राकेश सोनकर, भाजयुमो नेता किशोर देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं हजारों लोग शामिल थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news