राजनांदगांव

भाईचारे का संदेश लिए ईद-मिलादुन्नबी पर रहा परंपरागत उत्साह
19-Oct-2021 12:28 PM
भाईचारे का संदेश लिए ईद-मिलादुन्नबी पर रहा परंपरागत उत्साह

   रैली में दिखा कौमी एकता का नजारा      
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर।
मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मंगलवार को भाईचारे का संदेश के साथ परंपरागत रूप से ईद मिलादुन्नबी पर्व मनाया। हुजूर साहेब मोहम्मद पैगम्बर के जन्मदिन को मुस्लिम समुदाय ईद-मिलादुन्नबी के रूप में मनाता है। कोविड-19 की शर्तों के कारण रैली के स्वरूप में कटौती रही। शांति के साथ शहर के प्रमुख रास्तों से समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाला। पर्व में कौमी एकता का नजारा भी साफतौर पर नजर आया।

गैरमुस्लिमों ने पर्व की बधाई देते एकता और प्रेम का संदेश के साथ आपसी सौहाद्र्र का नजारा पेश किया। इससे पहले समुदाय के लोगों ने तकरीर और परचम कुसाई करने के बाद शहर में पैदल रैली निकाली। मोटर साइकिल रैली पर प्रशासन ने पहले ही रोक लगा दिया था। डीजे और अन्य साउंड सिस्टम पर भी प्रशासन ने मनाही कर दी थी। लिहाजा पैदल मार्च करते हुए मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शहर के अलग-अलग रास्तों में रैली की। मस्जिदों में तकरीर और परचम कुसाई के बाद अलग-अलग क्षेत्रों के मुस्लिम शहर में पहुंचे। इस बीच पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी मस्जिदों में जवानों की तैनाती की थी।

मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भी पुलिस का सख्त पहरा रहा। पुलिस की मौजूदगी के असर से माहौल सद्भाव भरा रहा। शहर में पिछले दो साल से कोरोना के कारण अन्य समाजों की तरह मुस्लिम समाज ने भी सार्वजनिक रूप से त्यौहार नहीं मनाया था। इस साल मामूली ढील और कुछ रियायत मिलने से पर्व का उत्साह दोगुना हो गया।
राजनांदगांव शहर में पारंपरिक रूप से त्यौहार मनाए जाने के चलन के कारण वातावरण काफी सुखदभरा रहा है। मुस्लिम समुदाय के प्रमुख लोगों ने प्रशासन के साथ बैठक की थी। जिसमें किसी भी तरह के विवाद से परे पर्व मनाने का समाज के लोगों ने भरोसा दिया था। प्रशासन ने भी  उनके सहयोग की सराहना की।

मधुसूदन और हेमा ने किया सभी का इस्तकबाल
ईद-मिलादुन्नबी की खुशियां मनाने के लिए शहर में शांतिपूर्वक रैली निकालने के दौरान राजनीतिक दलों ने भी समुदाय का इस्तकबाल किया। गंज चौक में पूर्व सांसद व भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने समाज के लोगों का तहेदिल से स्वागत किया और उन्हें पर्व की बधाई दी। श्री यादव ने मुस्लिम समुदाय के धार्मिक संदेश को आत्मसात करने की लोगों से अपील की। इधर महापौर निवास में हेमा देशमुख ने भी मुस्लिम बंधुओं का अभिनंदन किया। पूर्व महापौर सुदेश देशमुख के अलावा शाहिद भाई, गणेश पवार, विनय झा ने भी समुदाय का स्वागत किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news