रायपुर
कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अक्टूबर। महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम खुद बाइक से सब्जी लेने बाजार पहुंचे, और विक्रेताओं से पहले उधारी में सब्जी देने की गुजारिश की। विक्रेताओं के इंकार करने पर मोल भाव कर सब्जी खरीदी। मरकाम का बाकी पदाधिकारियों ने भी अनुशरण किया।
मरकाम सुबह-सुबह अपने सुरक्षाकर्मी के साथ खुद बाइक चलाकर शास्त्री बाजार पहुंचे। उन्होंने सब्जियों के दाम पूछे। एक टमाटर विक्रेता से पूछा कि क्या उधारी में दोगे? विक्रेता ने हाथ जोड़ लिए। टमाटर के दाम 50 रूपए किलो बताने पर मरकाम ने काफी मोलभाव किया। फिर एक पाव टमाटर खरीदे।
मरकाम बाकी विक्रेताओं से मोलभाव कर बरबट्टी, गोभी, और अन्य सब्जियां खरीदी। इसी बीच मीडियाकर्मी भी वहां पहुंच गए। मीडिया से चर्चा में मरकाम ने कहा कि सब्जी के भाव आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे की वजह से सब्जियों, और अन्य वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं। उन्होंने इसके लिए सीधे-सीधे केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
मरकाम के साथ संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, और अन्य पदाधिकारी भी थे। महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, और अन्य पदाधिकारियों ने भी मरकाम का अनुशरण कर सब्जी खरीदे, और सेल्फी ली।