राजनांदगांव

किसानों को एमएसपी वृद्धि का लाभ और समस्याओं का हो समाधान
27-Oct-2021 5:51 PM
किसानों को एमएसपी वृद्धि का लाभ और समस्याओं का हो समाधान

भाजपा ने एक नवंबर से धान खरीदी शुरू करने रखी मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर।
जिला भाजपा ने किसानों को एमएसपी वृद्धि का लाभ तथा किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही एक नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग करते जिला भाजपा ने राज्यपाल अनुसुईया उइके के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा नेताओं ने 6 सूत्रीय मांग के ज्ञापन में कहा कि छत्तीसगढ़ में धान की फसल अब तैयार है, लेकिन शासन द्वारा इस सत्र में इसकी खरीदी को लेकर किसी तरह की घोषणा नहीं किए जाने से किसानों में बेचैनी है। प्रदेश में प्रमुख रूप से महामाया और सरना दो किस्म के धान की खेती होती है। इसमें महामाया की कटाई नवंबर के पहले सप्ताह में पूरी हो जाएगी और सरना की कटाई  भी पहले सप्ताह में ही शुरू हो जाएगी। किसानों को कटाई और मिंजाई के लिए भी पैसे की जरूरत होती है। इसके साथ ही दीपावली त्यौहार भी पहले सप्ताह में ही होने के कारण किसानों को पैसों की सबसे अधिक आवश्यकता इसी समय होती है।

भाजपाईयों ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में धान के रकबे को गुपचुप ढंग से कम किए जाने की साजिश भी कांग्रेस सरकार रच रही है। अफसरों पर दबाव डाला जा रहा है। कर्मचारियों को जबरन धान का रकबा कम दिखाए जाने का निर्देश दिया जा रहा है। रकबे को काफी कम कर धान खरीदने के अपने कर्तव्य  से प्रदेश सरकार बचना चाह रही है। इसी तरह केंद्र सरकार लगातार फसलों के एमएसपी में वृद्धि करती जा रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। कांग्रेस सरकार अपने वादे के अनुसार धान का 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल कीमत एकमुश्त तो नहीं दे पा रही है, उपर से केंद्र द्वारा हर सत्र में जो समर्थन मूल्य बढ़ाया जा रहा है उसका भी लाभ किसानों को नहीं दिया जा रहा है। पिछले सत्र में केंद्र ने धान के समर्थन मूल्य में करीब 300 रुपए की वृद्धि की है। इस अनुपात में प्रदेश के किसानों को अगले फसल के लिए न्यूनतम 2800 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत एकमुश्त देने की घोषणा करना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, भाजपा नेता दिनेश गांधी, नीलू शर्मा, विक्रांत सिंह, पवन मेश्राम, आकाश चोपड़ा, इरफान शेख, पूर्णिमा साहू समेत अन्य भाजपा नेता शामिल थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news