गरियाबंद

पहले छग शांति का टापू था, अब रेत-शराब माफि याओं का बोलबाला है-रमन
19-Nov-2021 8:45 PM
पहले छग शांति का टापू था, अब रेत-शराब माफि याओं का बोलबाला है-रमन

जोगी कांग्रेस के रोहित ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ किया भाजपा प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी राजिम मंडल द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के समक्ष छजकां के कद्दावर नेता एवं जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए। रोहित का भाजपा में भव्य स्वागत हुआ। रोहित ने 9211 कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी में शामिल होने की बकायदा लिस्ट जारी की है। उन्होंने पार्टी की तारीफ  करते हुए पार्टी की रीति-नीति के तहत काम करने का भरोसा दिलाया है।

इस दौरान डॉ. रमन सिंह ने हुंकार भरते हुए कहा कि परिवर्तन की शुरूआत भगवान श्रीराजीव लोचन की नगरी से हो रही है। 2023 में ब्याज सहित हिसाब-किताब पूरा करेंगे। कहा कि कांग्रेस की इस सरकार ने तीन साल पहले एक हाथ में गीता और दूसरे हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाई थी कि छग में सरकार बनने पर शराब पूरी तरह से बंद करेंगे। शराब बंद होना तो दूर और घर पहुंच सेवा शुरू हो गई। 36 बिंदुओं के इनके वचन पत्र में कोई भी काम पूरा नहीं हुआ।

डॉ. रमन ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू था, जहां अब रेत, कोल, लैण्ड और शराब माफियाओं का बोलबाला है। गुंडाराज चल रहा है। उद्बोधन के दौरान डॉ. रमन ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम ले-लेकर तीखे तीर चलाए। कहा-इनके राज में भ्रष्टाचार चरमसीमा में है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने अपने सरकार द्वारा किए गए कार्यों को सिलसिलेवार बताया। उदबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने वाला है तो वह सिर्फ नरेंद्र मोदी के द्वारा ही हुआ है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले साथियों का स्वागत अभिनंदन करता हंू। आपके सुख-दुख में भाजपा सदैव खड़ी रहेगी। कांग्रेस डूबती नैया है उसमें छेद हो गया है। समझदार लोग कांग्रेस छोडक़र लगातार भाजपा में आ रहे है। यहां आज 9211 साथी शामिल हुए है। आरंग में 12 नवंबर को 6 हजार साथी प्रवेश किए है। धमतरी जिले में भी सैकड़ो साथी भाजपा में आए है। ऐसी स्थिति पूरे प्रदेश में बन गई है। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार कोरोना काल में दवा की जगह दारू पहुंचाने का काम किया। लबरा, भ्रष्टाचारी सरकार है जिसे 2023 में उखाड़ फेकेंगे। प्रदेश का चहुंमुखी विकास डॉ. रमन ने किया था। जन्म से लेकर मृत्यु तक चिंता की थी। छत्तीसगढ़ के श्रवण कुमार के रूप में रमन सिंह को जाना जाता है।

भाजपा प्रवेश करने वाले जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र में 320 गांव है ये समर्थक गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, राजिम ब्लॉक के रहने वाले है। श्रीसाहू ने कहा कि भाजपा में आने का मतलब छग की कांग्रेस सरकार को हिलाना है। भाजपा के शासनकाल में बहनों का जिसने ख्याल रखा वह डॅा. रमनसिंह और नरेन्द्र मोदी हैं। दस साल के सरपंची कार्यकाल में मैंने भाजपा के विकासकार्य की तारीफ  भी किया था, जबकि उस समय मैं जोगी कांग्रेस में था। अब 2023 में छग की तस्वीर बदलनी है और उसके लिए आप सभी लोगों के सहयोग की आवश्यकता है।

 पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लेकर कहा कि प्रदेश में शराबबंदी न होने, बेरोजगारी बढऩे, भ्रष्टाचार पर अंकुश न लगा पाने, माफि याराज (जमीन मा िफया, रेत माफिया और शराब माफि या) और कुशासन के बोलबाला से आम जनता में कांग्रेस सरकार के प्रति गहरा रोष देखा जा रहा है। 2023 में कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है। जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को तीन साल पूरा होने वाला है। बावजूद इसके प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए वादों को अबतक पूरा नहीं कर पाई है। जिले के दोनो सीट में भाजपा को जिताकर कांग्रेस का सूपड़ा साफ करेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप शर्मा, भागवत हरित, जिला भाजपा उपाध्यक्ष महेश यादव, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के श्याम अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिंग साहू, किसान नेता चंद्रिका साहू, राजिम भक्तिन मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र साहू, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर रामकुमार साहू, सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरी साहू, किसान नेता चंद्रिका साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा-जितेंद्र सोनकर, भाजयुमों अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत, पवन सोनकर, मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, आशीष शिन्दे, मनोज देवंागन, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख विकास साहू, गरियाबंद के वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली सिन्हा, अनिल चंद्राकर, लाला साहू, महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंजू नायक, पुष्पा गोस्वामी, नगर पंचायत फिंगेश्वर के अध्यक्ष जगदीश यादव, लेखा महोबिया, ध्रुव शर्मा, छाया राही, पूर्णिमा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन महेश यादव ने किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news