राजनांदगांव

खैरागढ़ निकाय चुनाव का बिगुल बजा
24-Nov-2021 1:39 PM
खैरागढ़ निकाय चुनाव का बिगुल बजा

   17 हजार मतदाता चुनेंगे पार्षद, आदर्श आचार संहिता लागू        

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर।
राज्य निर्वाचन आयोग ने राजनांदगांव जिले समेत प्रदेश के नगर निगमों और नगरीय निकायों के रिक्त वार्डों में उपचुनाव को लेकर  तारीखों का ऐलान कर दिया है। राजनांदगांव जिले के दूसरे बड़े नगरीय निकाय खैरागढ़ नगर पालिका में भी चुनाव की तिथि तय कर दी गई है। इसी के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। राजनीतिक गतिविधियों पर अब राज्य निर्वाचन आयोग स्थानीय प्रशासन के जरिये नजर रखेगा।

राजनीतिक कार्यक्रमों से लेकर अन्य चुनावी संबंधी कार्यों के लिए आयोग की अनुमति बेहद जरूरी होगी। खैरागढ़ में निकाय चुनाव करीब दो साल के विलंब से होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव कराने से इन्कार कर दिया था। इसी के साथ ही खैरागढ़ निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। खैरागढ़ में निकाय चुनाव कराने के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों में सियासी उठापटक शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच ही सीधा मुकाबला होने का आसार है। हालांकि वहां तीसरी पार्टी की मौजूदगी का असर पडऩे की संभावना कम है। पिछले चुनाव में प्रत्यक्ष प्रणाली से अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव किया गया था। इस बार अप्रत्यक्ष प्रणाली होने के कारण अध्यक्ष का चुनाव पार्षद करेंगे। ऐसे में वार्डों में ही घमासान देखने को मिलेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के 20 वार्ड में कुल 17 हजार 94 मतदाता हैं। जिसमें 8 हजार 786 महिला और 8 हजार 308 पुरूष मतदाता हैं। इस संबंध में उप निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संपन्न होंगे।

इधर 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तत्पश्चात 6 दिसंबर को नाम वापसी के लिए भी आखिरी मौका होगा। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान होंगे। मतों की गिनती यानी 23 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

नांदगांव निगम के वार्ड नं. 17 में भी चुनाव
राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में भी पार्षद के खाली पड़े पद के लिए भी चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि तय कर दी है। खैरागढ़ निकाय चुनाव के साथ ही वार्ड नं. 17 में चुनाव होंगे। करीब एक साल पूर्व श्रीमती शोभा सोनी के निधन से यह वार्ड रिक्त हो गया था। कोरोना के कारण यहां भी चुनाव नहीं हुए थे। भाजपा नेत्री शोभा सोनी ने कांग्रेस की रीना पटेल को अच्छे मतों से पराजित किया था। इस वार्ड में कुल 4952 मतदाता हैं। जिसमें जिसमें 2530 महिला और 2422 पुरूष मतदाता हैं। मिली जानकारी के मुताबिक समूचे जिले में खैरागढ़ नगर पालिका और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 को मिलाकर दो ही चुनाव होंगे।


शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल-विक्रांत
खैरागढ़ निकाय चुनाव की रणभेरी बजने के बाद पहली प्रतिक्रिया में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल है। गुजरे 5 साल में कांग्रेस ने निकाय चुनाव में शासन करते कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया। शहर की जनता को याद नहीं है कि तत्कालिन कांग्रेस अध्यक्ष ने विकास कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया हो। उन्होंने कहा कि पूर्व से व्यवस्थित संसाधनों को कांग्रेस के शासन में अव्यस्थित कर दिया गया। विकास के बजाय शहर का विनाश ही किया गया है।


भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के गढ़ खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत तय-नवाज
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने दावा करते कहा कि भाजपा सरकार में खैरागढ़ एक भ्रष्टाचार का गढ़ रहा। जिसके चलते शहर का विकास थम गया था। पूर्व में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस जरूर सत्तासीन हुई, लेकिन उसका तीन साल का कार्यकाल राज्य में भाजपा के वजह से प्रभावित हुआ। श्री खान ने कहा कि खैरागढ़ के फतेह मैदान में घास लगाने के नाम पर 40 लाख रुपए फूंके गए। जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता बेहद समझदार और विकास पसंद सोंच रखती है। लिहाजा कांग्रेस सरकार के साथ मुख्यधारा में जुडक़र सर्वाधिक संख्या में पार्षदों का निर्वाचन करेगी। जिससे अध्यक्ष कांग्रेस का चुना जाना तय है। श्री खान ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खैरागढ़ को लगातार आर्थिक मदद दी जा रही है। भाजपा कांग्रेस के सामने चुनावी मुकाबले में टिकने की स्थिति में नहीं है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news