जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 25 नवंबर। तेलंगाना में भाजपा प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का उनके हिंदुत्व के प्रति समर्पण और योगदान के लिए तेलंगाना के भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने सम्मान किया और आगे भी हिंदुत्व और अन्य मुद्दों पर कार्य करने के लिए प्रोत्सहित किया।
विदित हो कि जशपुर कुमार प्रबल प्रताप सिंह जूदेव अपने पिता स्व. दिलीप सिंह जूदेव के पद चिन्हों पर चलते हुए हिंदुत्व के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। वहीं तेलंगाना क्षेत्र में हिंदुत्व के लिये हुंकार भरने वाले भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने प्रबल प्रताप के कार्यों से प्रभावित होकर हिन्दू शेर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को सम्मानित किया।
इस दौरान दोनों के बीच हिंदुत्व के अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें लगातार हो रहे धर्मांतरण पर अंकुश लगाना, हिंदुत्व के प्रति लोगों में जागरूकता लाना, कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति, कांग्रेस का हिन्दुओं के प्रति गलत बर्ताव जैसे अनेक मुद्दे शामिल रहे।
प्रबल प्रताप और टी. राजा ने अपने-अपने क्षेत्रों में हिंदुत्व के लिए उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों को साझा भी किया और भविष्य में भी इसी तरह आपसी समन्वय और सहयोग से हिंदुत्व का ध्वज थामे रखने का संकल्प भी लिया। इस सम्मान से छत्तीसगढ़ के हिन्दु समुदाय में हर्ष का माहौल और उत्साह है।
इस दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हिंदुत्व सहित अनेक मुद्दों पर बहुत अच्छा कार्य कर रही है, जिससे हिंदू भाइयों का मनोबल भी बढ़ा है। प्रबल ने टी.राजा सिंह को आगामी घर वापसी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ आने का न्यौता दिया तो उन्होंने भी भरोसा दिया कि वे जल्द छत्तीसगढ़ आकर हिंदुत्व की आवाज़ बुलंद करेंगे।