राजनांदगांव

नांदगांव निगम के वार्ड 17 से दावेदारों में शोभा सोनी का नाम
27-Nov-2021 1:09 PM
नांदगांव निगम के वार्ड 17 से दावेदारों में शोभा सोनी का नाम

   जीत के लिए स्व. शोभा सोनी के हमनाम को ढूंढा भाजपा ने    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 नवंबर।
राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में उपचुनाव के दावेदारों में शोभा सोनी का भी नाम चर्चा में है। ‘शीर्षक’ पढक़र आप एकाएक चौंक गए होंगे, क्योंकि इस वार्ड में पार्षद रहते स्व. शोभा सोनी का कोरोना से पिछले साल निधन हो गया था। उपचुनाव का बिगुल बजने के बाद भाजपा ने उनके हमनाम की एक महिला दावेदार को ढूंढ निकाला है। भाजपा हर हाल में कांग्रेस को मात देने के लिए जमीनी स्तर पर रणनीति बना रही है। इसी रणनीति का हिस्सा है कि अब इस वार्ड से शोभा सोनी नाम की महिला को संभवत: पार्टी की ओर से अधिकृत उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक स्व. सोनी के निधन के चलते भाजपा चुनावी लड़ाई को सहानुभूति के जरिये फतह करने की तैयारी में है। स्व. सोनी एक सरल महिला नेत्री के तौर पर शहर में अपनी पहचान बना चुकी थी। आम लोगों से सीधी पकड़ होने से राजनीति में उनकी राजनीतिक ताकत कभी भी कमजोर नहीं हुई। यही कारण है कि सत्ता में नहीं होने के बावजूद उनका खास और आम से सीधा वास्ता रहा। इस वार्ड से व्यक्तिगत छवि के दम पर उन्होंने कांग्रेस को शिकस्त दी थी। दुर्भाग्यवश वह कोरोना महामारी के चपेटे में आने से दुनिया से चली गई, लेकिन अब उनके वार्ड में उन्हीं के नाम की एक महिला को भाजपा मजबूत दावेदार मानकर चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। हालांकि उपचुनाव में कुछ और महिलाओं ने दावेदारी पेश की है, जिसमें पूर्व पार्षद जमुना साहू का नाम सामने आ रहा है।

वार्ड नं. 17 भाजपा का मजबूत किला रहा है। इस अभेद्य गढ़ में सेंधमारी के लिए कांग्रेस पूरा दमखम लगा रही है। सत्तारूढ़ होने के कारण कांग्रेस को वार्ड में जीत का खाता खोलने की उम्मीद है। भाजपा ने कांग्रेस को हार का स्वाद चखाने के लिए स्व. सोनी के हमनाम महिला की तलाश कर ली है।

मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा स्व. सोनी के निधन से सहानुभूति को एक बड़ा आधार बनाकर जीत हासिल करने की रणनीति में आगे बढ़ रही है। कांग्रेस के लिए ऐसी स्थिति में परेशानी खड़ी हो सकती है। फिलहाल भाजपा में शोभा सोनी नामक महिला को प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना पर ज्यादा विचार किया जा रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news