महासमुन्द

किसानों को दिखा तेंदुआ, गांवों में अलर्ट
29-Nov-2021 6:42 PM
किसानों को दिखा तेंदुआ, गांवों में अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 नवंबर। सरायपाली क्षेत्र के ग्राम बोंदा नवापाली में तेंदुए की आमद से ग्रामीण दहशत में है। रविवार की अलसुबह दो किसानों ने खेत में इसे विचरण करते देखा। तेंदुए पर नजर पड़ते ही किसान वहां से भाग निकले और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। साथ ही वन विभाग को भी सूचित भी किया।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम बोंदा गांव पहुंची और किसानों के बताए अनुसार क्षेत्र में तेंदुए की खोजबीन की। हालांकि कल देर शाम तक विभाग को तेंदुआ नजर नहीं आया। आज सुबह 11 बजे समाचार लिखते तक वन विभाग की टीम गांव में ही तैनात थी। बोंदा के आसपास के चार-पांच गांवों में भी एहतियातन अलर्ट जारी कर दिया गया है।

                इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी आरएल व्यवहार ने कहा कि सुबह नवापाली के सरपंच ने गांव के पास झाडिय़ों में तेंदुए के होने की खबर दी। सूचना मिलते ही टीम गांव पहुंची, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। देर शाम तक टीम वहीं तैनात थी। उन्होंने बताया कि संभवत: तेंदुआ गोमर्डा अभयारण्य से निकलकर गांव की ओर आया रहा होगा और हलचल पाकर फि र से वापस लौट गया होगा। सूचना के बाद टीम गांव में पहुंच गई थी, लेकिन शाम तक तेंदुआ नजर नहीं आया है। एहतियातन टीम को रात में भी आसपास गश्त करने के लिए कहा गया है।

घटनाक्रम यह है कि सुबह छह बजे बोंदा नवापाली के दो किसान धान कटाई करने खेत जा रहे थे। तभी रास्ते में झाडिय़ों के बीच किसानों ने तेंदुए को देखा। इसके बाद तेंदुआ खेत की ओर भागकर आगे निकल गया। तेंदुए को देख ग्रामीण वहां से भागकर गांव पहुंचे और जानकारी दी। ग्रामीणों की मानें तो तेंदुए की आमद गांव में पहली बार हुई है। आसपास के गांव को अलर्ट जारी कर दिया है। रात में निकलने से ग्रामीणों को टीम ने मना कर दिया है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए ग्राम बोंदा, नवापाली, गिरसा, बाराडोली, लिमगांव एवं आसपास के गांव में अलर्ट जारी किया है। साथ ही इसकी सूचना सरायपाली थाने को भी दी है ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके। इसके अलावा गांवों में मुनादी भी कराई गई है। ग्रामीणों को तेंदुए के आने की सूचना देते हुए अंधेरे में निकलने के लिए मना किया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news