बीजापुर
बीजापुर, 30 नवंबर। आगामी 20 दिसंबर को होने वाले नगर पंचायत भैरमगढ़ के लिए चुनाव में एक प्राचार्य पर भाजपा के पक्ष में प्रचार करने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। कांग्रेस ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से कर उनके स्थानान्तरण की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने जिला निर्वाचन अधिकारी से लिखित शिकायत करते हुए कहा कि बंडलापाल माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधानाध्यापक शिव समरथ द्वारा भाजपा का प्रचार किया जा रहा है। कांग्रेस ने शिकायत में कहा है कि समरथ एक शासकीय कर्मचारी है। बावजूद उनके द्वारा भाजपा का प्रचार किया जा रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि उनका स्थानांतरण अन्य ब्लाक किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रवीण डोंगरे, जनपद उपाध्यक्ष सोनू पोटाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम सल्लुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष एजाज खान व रजिया बेगम मौजूद रहे।