राजनांदगांव

बारदाने की किल्लत के बीच सोसायटियों में पहले दिन 7 हजार किसान धान बेचने पहुंचे
01-Dec-2021 1:53 PM
बारदाने की किल्लत के बीच सोसायटियों में पहले दिन 7 हजार किसान धान बेचने पहुंचे

   समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी राज्य सरकार के तय तारीख एक दिसंबर से शुरू हो गई है। बुधवार को बारदाने के संकट के बीच टोकन के आधार पर सोसायटियों में किसान उपज बेचने के लिए पहुंचे। शहर के नजदीक ढाबा सोसायटी में पहले दिन 22 किसानों ने अपनी उपज बेची। समूचे जिले में 7800 किसानों को धान बेचने के लिए टोकन जारी किया गया था। धान खरीदी की शुरूआत होते ही सोसायटियों में किसानों का मजमा लगना शुरू हो गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक किसानों को उपज के साथ बारदाना भी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से धान खरीदी से पूर्व किसानों को टोकन देकर व्यवस्था को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया है। हालांकि कई सोसायटियों में टोकन लेने के लिए मारामारी की भी स्थिति रही। किसानों को लंबे इंंतजार के बाद पहले दिन टोकन जारी किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक पहले दिन के लिए प्रशासन ने करीब 35 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। राजनांदगांव जिले में 148 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। सरकार की ओर से इस साल कुछ नए केंद्र भी खोले गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बारदाना का संकट खरीदी में एक बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है। 31 दिसंबर तक खरीदी के लिए प्रशासन के पास बारदाना उपलब्ध है। ऐसे में नए बारदाना नहीं मिलने से खरीदी प्रभावित हो सकती है। जिले में इस साल रिकार्ड किसानों ने पंजीयन कराया है। यह पहला मौका है जब पंजीकृत किसानों की संख्या 2 लाख पार हो गई है। यानी 2 लाख 12 हजार 529 किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रशासन खरीदी करेगा। एक जानकारी में रकबा 2 लाख 64 हजार तक भी पहुंच गया है।

उधर समर्थन मूल्य में खरीदी के दौरान सीमावर्ती इलाकों में भी टीम तैनात की गई है। अवैध धान परिवहन के मामले धान खरीदी से पहले ही शुरू हो गया है। अब तक प्रशासन ने तीन से चार मामलों में सीमा पर कार्रवाई की है। जिले में बाहरी राज्यों के धान परिवहन को रोकने के लिए संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी और पुलिस निरीक्षकों को जवाबदारी दी गई है। धान की खरीदी पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। किसानों को  उपज की राशि सीधे खाते में मिलेगी।

उधर ढाबा सोसायटी के संचालक उपेन्द्र सिंह देशमुख ने बताया कि पहले दिन व्यवस्था सामान्य रही। किसानों में उपज बेचने के लिए उत्साह दिख रहा है। उन्होंने बताया कि 25 फीसदी बारदाने की व्यवस्था किसान कर रहे हैं। जबकि 75 फीसदी की जवाबदारी सोसायटियों की है। नंदई के किसान चोवाराम सोनकर, मोहड़ के बन्नू साहू और मोहारा के महेश देवांगन ने बताया कि धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। प्रशासन ने अच्छी व्यवस्था की है।


 

नवाज के हाथों बेलगांव में धान खरीदी शुरू
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने बुधवार को बेलगांव में धान खरीदी का शुभारंभ करते कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों के प्रति सकारात्मक सोच रखते हैं। वह एक किसान पुत्र होने के नाते राज्य के खेतीहर मजदूरों को यथासंभव  आर्थिक संबलता देने के इरादे से किसानों पर केन्द्रित योजनाओं को क्रियान्वित करने पर जोर दे रहे हैं। श्री खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गुजरे तीन साल में किसानों की स्थिति भाजपा राज की तुलना में बेहतर है। मुख्यमंत्री ने एक-एक दाना को खरीदने के वादे को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है।

श्री खान ने कहा कि किसानों का उपज को खरीदने के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। तमाम तरह के भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को श्री खान ने सिर्फ जुमलेबाजी कहा है। इससे पहले बेलगांव सोसायटी में धान बेचने पहुंचे किसानों का श्री खान ने स्वागत किया। किसानों के उत्साह को देखकर श्री खान ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसान हितैषी सरकार है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news