महासमुन्द
कलेक्टर जनदर्शन में 49 आवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 दिसंबर। कल जनदर्शन कार्यक्रम में 49 लोगों ने अपनी समस्याओं के संबंध में कलेक्टर डोमन सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों का अध्ययन कर निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रेषित किया है।
इस दौरान स्वसहायता समूह की महिलाओं ने भी कलेक्टर को आवेदन सौंपा और कहा है कि मध्याह्न भोजन व सूखा राशन स्कूलों में बांटे गए हैं, लेकिन इसका भुगतान अभी तक स्व सहायता समूहों को नहीं हुआ है। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कर्ज लेकर इसका वितरण किया था, लेकिन उन्हें अब तक इसका भुगतान नहीं मिला है। इसके चलते महिला समूह कर्ज तले दबे हैं और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। महिलाओं ने जल्द ही भुगतान के लिए जनदर्शन में कलेक्टर डोमन सिंह को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विगत 6 माह से महिला स्व सहायता समूहों को मध्याह्न भोजन और कोरोनाकाल में वितरित सूखा राशन की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इससे समितियों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। इसे लेकर समितियों ने स्कूलों में मध्यान्ह के लिए सामग्री क्रय करने में असमर्थता जताई है।
महिलाओं ने शासन द्वारा रेडी टू ईट का संचालन बीज निगम द्वारा किए जाने के फैसले पर भी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि साल 2009.10 में भाजपा सरकार ने ठेकेदारी प्रथा को बंद कर महिला स्व सहायता समूह का गठन कर यह कार्य उन्हें दिया, जिसे अब कांग्रेस सरकार ने बीज विकास निगम को दिए जाने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि इससे जिले में करीब 20 हजार महिलाओं का परिवार चल रहा है, जिनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो जाएगी।