दुर्ग

धान खरीदी के पहले दिन भारी उत्साह, पूजा-अर्चना कर शुरू हुई धान खरीदी
02-Dec-2021 4:34 PM
धान खरीदी के पहले दिन भारी उत्साह, पूजा-अर्चना कर शुरू हुई धान खरीदी

कलेक्टर भी पहुंचे कुथरेल धान खरीदी केंद्र, देखी खरीदी की व्यवस्था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 दिसंबर।
धान खरीदी के पहले दिन किसानों में काफी उत्साह नजर आया। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे भी धान खरीदी केंद्र कुथरेल पहुंचे। जिस समय कलेक्टर धान खरीदी केंद्र पहुंचे, उसी समय पहले किसान से खरीदी का शुभारंभ होने वाला था। किसानों के लिए इस शुभ दिन को मनाने की तैयारियां केंद्र में की गई थीं। मिठाइयां, नारियल और फूल रखे गये थे।

कलेक्टर एवं सभी किसानों ने विधिवत धान खरीदी की शुरूआत की। खरीदी केंद्र में पहुंचे पहले किसान से कलेक्टर ने बातचीत की। किसान ने बताया कि उसने टोकन पहले ही प्राप्त कर लिया था।  सौभाग्य से पहले ही क्रम में नाम आ गया। बहुत अच्छी खरीदी की व्यवस्था रही है। उसने बताया कि घर में खाने के लिए अनाज रखकर शेष अनाज बेचने यहां खरीदी केंद्र में लाये हैं। कलेक्टर ने खरीदी केंद्र में बारदाने की व्यवस्था की जानकारी ली। समिति प्रबंधकों ने बताया कि बारदानों का प्रबंध किया गया है। खरीदी केंद्र में खरीदी का जैसे पिछले बरसों में चलन रहा है, उसी के अनुरूप व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। किसानों ने बातचीत में बताया कि हर साल इस खरीदी केंद्र में आते हैं और यहां पर अच्छी व्यवस्था रहती है।

कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से कहा कि किसानों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखें। सीमांत एवं छोटे किसानों का विशेष रूप से ख्याल रखें। हर दिन जिस तरह से अनुमानित खरीदी होनी है, उसके मुताबिक व्यवस्था करें, यदि किसी तरह की दिक्कत आती है तो नोडल अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर समस्या का समाधान करें। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

उन्होंने आर्द्रतामापी, नापतौल, कांटाबार आदि देखे। समिति द्वारा मेंटेंन किये जाने वाले रजिस्टर भी उन्होंने देखे। इस मौके पर खाद्य नियंत्रक श्री सीपी दीपांकर भी उपस्थित थे।
उन्होंने पूरे जिले के आंकड़ों के संबंध में कलेक्टर को बताया। उन्होंने बताया कि पहले दिन के लिए 73 हजार टोकन जारी किये गये हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं को सुनिश्चित रखने तथा समय पर धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने एवं इसकी निरंतर मानिटरिंग के निर्देश दिये हैं।

सेवा समिति का कार्यालय भी देखा, जताई खुशी- कलेक्टर ने कुथरेल स्थित सेवा समिति का कार्यालय भी देखा। समिति के प्रबंधकों ने बताया कि लगातार बेहतर कार्य संपादन से समिति लाभ में है और काफी अच्छा कार्य हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने प्रशंसा जताई।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news