राजनांदगांव

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का लिया जायजा
02-Dec-2021 4:36 PM
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 दिसंबर।
जिले में धान खरीदी महाभियान का बुधवार से आगाज हुआ। किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने धान खरीदी के पहले दिन राजनांदगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी और डोंगरगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र अर्जुनी, डोंगरगांव और नवीन धान उपार्जन केन्द्र घुघुवा में किसानों द्वारा विक्रय किए जा रहे धान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में कांटा-बांट, नापतौल, आर्द्रतामापी यंत्र, रखरखाव, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि लघु एवं सीमांत किसान के धान की खरीदी प्राथमिकता के साथ पहले करें। किसानों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, जिन धान खरीदी केन्द्र में शून्य रकबा की शिकायत है, वहां सॉफ्टवेयर में सुधार कर धान खरीदी की जाएगी। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी सुचारू रूप से चलता रहे इसके लिए धान खरीदी केन्द्र से धान का उठाव प्रारंभ से ही किया जाएगा। उन्होंने बारदाने के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर धान उपार्जन केन्द्र में किसानों से रूबरू हुए और वहां की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान बेचने बहुत ही उत्सुक हैं। चार माह की कड़ी मेहनत का परिणाम अब मिल रहा है। शासन द्वारा किसानों के हित के लिए धान विक्रय की व्यवस्था की गई है। धान उपार्जन केन्द्र डोंगरगांव में धान बेचने आए माथलडबरी निवासी किसान महेश पटेल ने बताया कि उनके पास पौने 2 एकड़ खेत है और 57 कट्टा धान का विक्रय हो गया है। घर में भाई और बहन की शादी है इस कारण जल्दी थी। 16 बारदाने घर से लेकर आए और 49 बारदाने केन्द्र से मिले है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदने के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। जल्दी धान विक्रय से बहुत खुश है।

धान उपार्जन केन्द्र अर्जुनी में सालिकझिटिया के किसान दानी राम ने बताया कि उनके पास डेढ़ एकड़ खेत है। दो प्रकार के 1001 और 1010 किस्म के धान का उत्पादन करते हंै। 53 कट्टा धान का विक्रय करने के लिए लाए हैं। धान उपार्जन केन्द्र घुघुवा में किसानों ने बताया कि पहले उन्हें अपना धान लेकर 7 किमी दूर डोंगरगांव जाना पड़ता था, लेकिन अब यही धान उपार्जन केन्द्र खुल जाने से सुविधा मिली है और समय की बचत हुई है। धान खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा, खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा,  डीएमओ गजेन्द्र राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news